• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

शिवराज सिंह चौहान की विपक्ष को खुली चुनौती, बोले-आपने हमें छेड़ दिया है, देश में अराजकता नहीं फैलने देंगे

Shivraj Singh Chouhan openly challenged the opposition, saying, You have provoked us; we will not allow anarchy to spread in the country. - Lucknow News in Hindi

लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत मंगलवार को राजधानी लखनऊ में बड़ी पदयात्रा निकालकर विपक्षी गठबंधन के खिलाफ सियासी ताकत दिखाई। केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में भाजपा के साथ एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, ''आपने हमें छेड़ दिया है। हम देश में अराजकता नहीं फैलने देंगे।'' उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं से ऐसे नारे लगाने का आह्वान किया कि दिल्ली में राहुल गांधी और इंडी गठबंधन भी कांप जाएं। पदयात्रा के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने देश का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ाया है और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो रहा है। उनके नेतृत्व में 49 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की यह प्रगति रास नहीं आ रही है। चुनावी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुकाबला नहीं कर पाने पर विपक्ष षड्यंत्र और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंडी गठबंधन की पूरी चिंता इस बात को लेकर है कि नरेंद्र मोदी को कैसे हराया जाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसी पार्टी और राहुल गांधी ऐसे नेता हैं, जिनके साथ जो जाता है, वह भी डूब जाता है। कांग्रेस तमिलनाडु से लेकर उत्तर प्रदेश तक लगातार कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सरकार में आना है तो जनता का दिल जीतना होगा। चुनाव में जीत हासिल नहीं कर पाने पर सड़क पर अराजकता फैलाने से सत्ता हासिल नहीं होगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा, ''मोदी देश के मुकुट की मणि हैं और भगवान का वरदान हैं।'' चौहान ने कार्यकर्ताओं से पदयात्रा के दौरान जोरदार नारे लगाने की अपील करते हुए कहा कि उनकी आवाज दिल्ली तक पहुंचनी चाहिए। शिवराज सिंह चौहान ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में प्रदेश में अराजकता चरम पर थी। हालात ऐसे थे कि लोग शाम पांच बजे के बाद घरों से बाहर निकलने में डरते थे।
उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश बाबा समझ लें, फरवरी में ही निपट जाएंगे। उन्होंने कहा कि बंगाल से राजस्थान तक कांग्रेस को लगातार चुनावी हार का सामना करना पड़ा है। उत्तर प्रदेश में भी अखिलेश यादव की राजनीतिक संभावनाएं नहीं हैं। एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष के विरोध को लेकर उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि जिन मतदाताओं के नाम दो जगह दर्ज हैं, उनका नाम एक जगह से हटना चाहिए या नहीं? उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में मृतकों, स्थान बदल चुके लोगों और फर्जी एवं डुप्लीकेट नामों को हटाने की प्रक्रिया पर विपक्ष बेवजह सवाल उठा रहा है।
शिवराज चौहान ने आरोप लगाया कि विपक्ष घुसपैठियों के सहारे सत्ता हासिल करना चाहता है, जबकि भाजपा और एनडीए देश के हितों और उसकी सुरक्षा के साथ खड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन लोकतंत्र को गुंडातंत्र और लूटतंत्र में बदलने की कोशिश कर रहे हैं। देश को बांटने की राजनीति पहले भी हुई है। वर्ष 1905 में लॉर्ड कर्जन और 1947 में मोहम्मद अली जिन्ना ने देश को बांटने का प्रयास किया था। अब राहुल गांधी और इंडी गठबंधन भी इसी तरह का षड्यंत्र कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा का देशभक्त कार्यकर्ता जीवित है, तब तक देश को बांटने और विदेशी ताकतों के इशारे पर भारत विरोधी नैरेटिव चलाने की कोशिश सफल नहीं होने दी जाएगी। लोकतंत्र को लूटतंत्र में बदलना चाहता है विपक्ष : ब्रजेश पाठक उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष निर्वाचन आयोग समेत देश की संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रहा है। इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का गौरव दुनिया में बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस को यह उपलब्धि रास नहीं आ रही है। राहुल गांधी और अखिलेश यादव चुनावी मैदान में जनता का विश्वास हासिल नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतंत्र को गुंडातंत्र और लूटतंत्र में बदलना चाहता है। पाठक ने आपातकाल और चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किए जाने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कांग्रेस ने किया है। विपक्ष को बताना चाहिए कि मृतकों और दूसरी जगह जा चुके लोगों के नाम मतदाता सूची में क्यों बने रहने चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी देशभर में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान चला रही है। विपक्षी गठबंधन संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रहा है। युवाओं को गुमराह करने, निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाने और संवैधानिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और यहां लोकतंत्र की जड़ें बेहद मजबूत हैं। बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका के राजनीतिक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में ऐसी अराजकता फैलाने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी।
उन्होंने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी पिछले 37 वर्षों से सत्ता से बाहर है। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, बिहार, त्रिपुरा, गुजरात और ओडिशा में भी कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर रही है। सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में अराजकता का कोई स्थान नहीं है। चुनाव हारने के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर सरकार को अस्थिर करने का प्रयास उचित नहीं है। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि इंडी गठबंधन लगातार अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है। भाजपा के आह्वान पर हजारों कार्यकर्ता इसका जवाब देने के लिए सड़कों पर उतरे हैं।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि लोकतंत्र पर हमला करने वालों को जवाब देने के लिए पार्टी कार्यकर्ता सजग प्रहरी की तरह सड़कों पर उतरे हैं। जरूरत पड़ने पर विपक्षी नेताओं का घेराव भी किया जाएगा। पदयात्रा में एनडीए के सहयोगी दलों की भागीदारी भी खास रही।
अपना दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. आशीष पटेल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने मंच साझा किया और पदयात्रा में शामिल होकर अभियान को समर्थन दिया। भाजपा ने इस आयोजन के जरिए विपक्ष के एसआईआर विरोध के खिलाफ एनडीए की एकजुटता और अपनी राजनीतिक ताकत का संदेश देने की कोशिश की।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Shivraj Singh Chouhan openly challenged the opposition, saying, You have provoked us; we will not allow anarchy to spread in the country.
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: opposition, shivraj singh chouhan, bharatiya janata party, former chief minister of madhya pradesh, shivraj singh chouhan, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, lucknow news, lucknow news in hindi, real time lucknow city news, real time news, lucknow news khas khabar, lucknow news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

उत्तर प्रदेश से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved