• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

भिंड हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता का ऐलान

CM Yogi expresses grief over Bhind accident, announces Rs 2 lakh assistance to families of deceased - Lucknow News in Hindi

लखनऊ । मध्य प्रदेश के भिंड जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार से समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''मध्य प्रदेश के भिंड में एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक और मन को व्यथित करने वाली है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार से समन्वय स्थापित कर दुर्घटना में काल-कवलित हुए उत्तर प्रदेश के नागरिकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाकर परिजनों को सौंपने एवं घायलों के समुचित इलाज कराने हेतु निर्देशित किया है। इस दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मृतक के परिवार को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।''
हादसा गोहद क्षेत्र के छीमका गांव के पास रात करीब एक बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर बैठे गायों के झुंड को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के अनुसार, पिकअप में सवार सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले थे। वे ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम करने के लिए आए थे। काम पूरा होने के बाद सभी मजदूर पिकअप से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छीमका गांव के पास हाईवे पर बैठे गायों के झुंड को बचाने के दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और पिकअप सामने से आ रहे डंपर से भिड़ गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल गोहद अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने आठ मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखा गया है और पुलिस उनकी शिनाख्त कराने के साथ ही परिजनों से संपर्क करने में जुटी है।
प्रशासन की ओर से मृतकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-CM Yogi expresses grief over Bhind accident, announces Rs 2 lakh assistance to families of deceased
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: cm yogi expresses grief over bhind accident, bhind accident, cm yogi, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, lucknow news, lucknow news in hindi, real time lucknow city news, real time news, lucknow news khas khabar, lucknow news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

उत्तर प्रदेश से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved