लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा उप चुनावों के लिए 10 उम्मीदवारों की घोषणा की। यह उपचुनाव 21 अक्टूबर को होंगे। भाजपा ने नवरात्रि के पहले दिन उम्मीदवारों की घोषणा की। इसमें वरिष्ठ नेता सुरेश तिवारी को लखनऊ कैंट सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट पर 2017 में रीता बहुगुणा जोशी ने जीत हासिल की थी। जोशी के इस साल की शुरुआत में लोकसभा के लिए चुने जाने से यह सीट खाली हुई है। ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
रामपुर से भाजपा ने भरत भूषण गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। इससे जया प्रदा को झटका लगा है, जो समाजवादी पार्टी से इस सीट को छीनना चाहती थी। जया प्रदा ने यहां तक कि शुक्रवार को इस सीट से प्रचार शुरू कर दिया था। रामपुर सीट को समाजवादी पार्टी नेता मोहम्मद आजम खान का गढ़ माना जाता है, खान वर्तमान में लोकसभा सांसद हैं।
भाजपा द्वारा घोषित अन्य उम्मीदवारों में गंगोह से किरत सिंह, गोविंद नगर (कानपुर) से सुरेंद्र मैथानी, इगलास से राजकुमार सहयोगी, मानिकपुर (चित्रकूट) से आनंद शुक्ला, जैदपुर (बाराबंकी) से अंबरीश रावत, अंबेडकर नगर के जलालपुर से राजेश सिह, बहराइच के बल्हा से सरोज सोनकर व घोसी से विजय राजभर शामिल हैं।
भाजपा ने प्रतापगढ़ से उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। इस सीट पर 2017 में उसके सहयोगी अपना दल ने जीत हासिल की थी।
उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटें जिन पर उपचुनाव होने हैं, विधायकों के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने और राज्य विधानसभा सदस्य पद से इस्तीफा देने की वजह से खाली हुई हैं। टुंडला सीट पर उप चुनाव नहीं आयोजित हो रहे हैं, क्योंकि यह सीट विचाराधीन है।
जिन सीटों पर उप चुनाव कराए जा रहे हैं। इनमें से रामपुर सीट पर समाजवादी पार्टी का कब्जा था, जबकि जलालपुर सीट पर बहुजन समाज पार्टी ने 2017 में जीत हासिल की थी और बाकी की सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थीं। उप चुनाव 21 अक्टूबर को होने हैं और 24 अक्टूबर को मतगणना होनी है।
(आईएएनएस)
Politics At Peak : अमेठी में कांग्रेस नेता सुबह भाजपा में गए, शाम को घर वापसी
वोटिंग ऑफर : अंगुली पर लगी नीली स्याही दिखाकर दो दिन 50 प्रतिशत तक की छूट ले सकेंगे मतदाता
भाजपा उम्मीदवारों को जनता समझती है, वोट की चोट से देगी जवाब : दिग्विजय चौटाला
Daily Horoscope