• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

बाराबंकी से सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- सनातन सुरक्षित रहेगा तो देश सुरक्षित रहेगा

CM Yogi launches a major attack on the opposition from Barabanki, saying, If Sanatan is protected, the country will be protected. - Barabanki News in Hindi

बाराबंकी । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी में 542 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 82 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस, पर कई समसामयिक मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने सनातन, सांस्कृतिक विरासत, कानून-व्यवस्था, धार्मिक स्थलों के विकास, रक्षा उत्पादन और पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों को लेकर विपक्ष को घेरा। साथ ही लोधेश्वर महादेव मंदिर कॉरिडोर के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर उन्हें आत्मिक आनंद की अनुभूति हुई। बाराबंकी की पहचान भगवान लोधेश्वर महादेव, पारिजात वृक्ष और हॉकी के महान खिलाड़ी केडी सिंह बाबू जैसी ऐतिहासिक धरोहरों से है, लेकिन आजादी के बाद लंबे समय तक इन विरासतों की उपेक्षा की गई। सीएम योगी ने कहा कि आजादी की रोशनी लोधेश्वर महादेव मंदिर तक नहीं पहुंच सकी, जबकि उस दौर में कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल के लिए धन की कोई कमी नहीं थी। उन्होंने घोषणा की कि भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर के भव्य कॉरिडोर के निर्माण के लिए सरकार ने धनराशि स्वीकृत कर दी है। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने पूर्व ओलंपियन और हॉकी के दिग्गज केडी सिंह बाबू का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान उनकी हवेली बिकने की नौबत आ गई थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने हवेली को बिकने से बचाया, उसका भुगतान कराया और अब उनकी स्मृतियों को संरक्षित करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने पारिजात वृक्ष के संरक्षण को भी सरकार की प्राथमिकता बताया। सीएम योगी ने कहा कि भारत की विरासत और सनातन संस्कृति ही देश की असली पहचान है।
उन्होंने राजा बलभद्र सिंह, महाराजा लाखन पासी, महाराजा बिजली पासी, महाराजा सुहेलदेव, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोबिंद सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने देश, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इनकी विरासत को सहेजना सरकार का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि "सनातन की सुदृढ़ नींव पर ही भारत का उज्ज्वल भविष्य टिका है। सनातन सुरक्षित रहेगा तो देश सुरक्षित रहेगा। यदि सनातन पर खतरा आएगा तो कोई भी सुरक्षित नहीं रह पाएगा।"
उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में जनता का पैसा धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के बजाय कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर खर्च किया जाता था। अयोध्या, काशी विश्वनाथ धाम, महादेवा, गोला गोकर्णनाथ, महाराजा सुहेलदेव और बिजली पासी जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के विकास के लिए धन उपलब्ध नहीं कराया जाता था।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पहले कांवड़ यात्रा पर रोक लगाने, रामनवमी की शोभायात्राओं को प्रतिबंधित करने, जन्माष्टमी और दुर्गा पूजा जैसे आयोजनों पर पाबंदियां लगाने को धर्मनिरपेक्षता का मानक माना जाता था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इस सोच को बदलते हुए सभी पर्व-त्योहारों को सम्मान और सुरक्षा के साथ आयोजित कराने का काम किया है।
योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में अवैध कट्टे और बम बनाने का कारोबार होता था, व्यापारियों से रंगदारी वसूली जाती थी और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में रहती थी। उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है। आज लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है और उत्तर प्रदेश देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती सैन्य शक्ति से दुश्मन देशों की नींद उड़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, विरासत, सुरक्षा और सुशासन को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। इंफ्रास्ट्रक्चर, धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और निवेश के माध्यम से उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-CM Yogi launches a major attack on the opposition from Barabanki, saying, If Sanatan is protected, the country will be protected.
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: barabanki, cm yogi, sanatan, uttar pradesh chief minister yogi adityanath, chief minister yogi adityanath, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, barabanki news, barabanki news in hindi, real time barabanki city news, real time news, barabanki news khas khabar, barabanki news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

उत्तर प्रदेश से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved