• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

मुख्यमंत्री ने कहा- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 12 वर्ष का कार्यकाल विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित

The Chief Minister said that Prime Minister Narendra Modi 12-year tenure is dedicated to trust - Jaipur News in Hindi

जयपुर, । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन और लोक कल्याण को समर्पित गौरवशाली 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर शनिवार को मीडिया से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सबसे लम्बे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने की असाधारण उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मीडिया संवाद में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले यूपीए सरकार में हमारा देश भ्रष्टाचार, महंगाई, आतंकवाद, नक्सलवाद, नीतिगत अव्यवस्था और खराब आर्थिक हालात जैसी अनेक चुनौतियों से जूझ रहा था। ऐसे समय पर प्रधानमंत्री ने जिम्मेदारी संभाली और देश को इन चुनौतियों से बाहर निकाला तथा अपने दूरदर्शी विजन से 12 वर्षों में शासन, विकास और जनकल्याण के अनेक नए प्रतिमान स्थापित किए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री ने प्रधान सेवक के रूप में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में स्थापित किया है। देश के करोड़ों लोगों तक पहली बार बड़े स्तर पर पक्के घर, बिजली, गैस कनेक्शन, शुद्ध पेयजल, शौचालय जैसी सुविधाएं पहुंच पाई हैं। इसी प्रकार, करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोलकर सरकारी मदद उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पहली बार 80 करोड़ से अधिक नागरिकों को मुफ्त राशन की सुविधा मिली और 60 करोड़ से अधिक गरीबों को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज का भरोसा। प्रधानमंत्री की इन्हीं पहलों की बदौलत 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी से उबर पाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवा शक्ति को भारत की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं। उनके मार्गदर्शन में कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया, इनोवेशन, डिजिटल इकॉनॉमी, स्पोर्ट्स, उद्यमिता और फिटनेस को अभूतपूर्व बल मिला है। उनकी प्रेरणा से बीते 12 वर्षों में वीमेन लेड डवलपमेंट का एक नया अध्याय भारत की विकास यात्रा में जुड़ा है। उनके मार्गदर्शन में सरकार ने हमेशा देश की महिलाओं को अपनी नीतियों के केंद्र में रखा है। महिलाओं के लिए शौचालय, धुआं मुक्त रसोई, गर्भावस्था में आर्थिक मदद, मुद्रा योजना, पीएम आवास एवं लखपति दीदी योजना के जरिए सपोर्ट सिस्टम विकसित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के चार स्तंभों में एक प्रमुख स्तंभ हमारे किसान हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में किसानों के लिए बीज से लेकर बाजार तक अनेक पहल की गई हैं। हमारे किसानों को उन्नत बीज, सिंचाई सुविधाओं, पीएम किसान सम्मान निधि, एमएसपी में बढ़ोतरी आदि के माध्यम से संबल प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्र प्रथम की सोच के साथ कड़े और बड़े निर्णय लेने में भी कभी पीछे नहीं हटे। इसी वजह से जम्मू कश्मीर से धारा-370 हटाना, जीएसटी लागू करना, वन रैंक वन पेंशन और भारतीय न्याय संहिता को लागू करने जैसे निर्णय हकीकत बने हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अभूतपूर्व कदम उठाने के साथ ही आतंकवाद को करारा जवाब दिया है। उनके नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है। सर्जिकल स्ट्राइक हो या एयर स्ट्राइक या फिर ऑपरेशन सिंदूर, प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व में भारतीय सेना ने इन सभी ऑपरेशन को अंजाम दिया। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से न केवल पहलगाम आतंकी हमले का बदला लिया गया बल्कि सीमा पार चल रहे आतंकी ठिकानों को भी ध्वस्त कर सैकड़ों आतंकियों को ढेर किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति प्रदान की। इसी वजह से आज भारत रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, फार्मा जैसे अनेक क्षेत्रों में विनिर्माण और निर्यात के नए रिकॉर्ड बना रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत का बुनियादी ढांचा सुदृढ़ हुआ है तथा शासन में गतिशीलता, निर्णयों में पारदर्शिता और नीतियों में दूरदर्शिता की बदौलत भारत विश्व की सबसे तेज़ी से विकसित होती बड़ी अर्थव्यवस्था बन पाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का राजस्थान को भरपूर लाभ मिला है। प्रदेश में लगभग 2 करोड़ 45 लाख मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए हैं। पीएम फसल बीमा योजना के तहत 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिया है। पीएम आवास योजना के तहत 34 लाख से अधिक आवास बनाए गए हैं। हर घर में साफ पानी पहुंचाने के लिए 63 लाख से अधिक नल कनेक्शन दिए हैं। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत प्रदेश में लगभग 89 लाख शौचालय बनवाए जा चुके हैं। इस मिशन के अंतर्गत लगभग 43 हजार गांव ओडीएफ प्लस बन चुके हैं। साथ ही 21 गोबर-धन प्रोजेक्ट भी लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3 करोड़ 83 लाख जन-धन खाते खुले हैं। वर्ष 2014 से पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में 53 हजार किलोमीटर सड़कें बनी थीं, आज यह आंकड़ा बढ़कर 86 हजार किलोमीटर के पार निकल चुका है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ 2014 से पहले प्रदेश में 57 लाख लोगों को मिल रहा था और आज ऐसे लाभार्थियों की संख्या 89 लाख से ऊपर पहुंच गई है। प्रदेश में वर्ष 2013-14 में प्रति व्यक्ति आय लगभग 69 हजार रुपये थी, वह आज बढ़कर 2 लाख 5 हजार रुपये पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। इसी क्रम में 12 जून से 20 जून तक हर जिले में जन कल्याण शिविरों का आयोजन कर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, महिला एवं बाल विकास से संबंधित सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण राजस्थान की तस्वीर बदलने के लिए ग्राम विकास यात्रा और ग्राम विकास चौपाल आयोजित कर किसान, मजदूर, महिला और युवाओं से सीधा संवाद किया जा रहा है। संध्या चौपाल और संध्या आरती के माध्यम से जनता से सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव स्थापित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी की एक पेड़ मां के नाम पहल से प्रेरित हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देशवासियों ने गरीब कल्याण एवं विकास की योजनाओं, आतंकवाद एवं नक्सलवाद का खात्मा तथा दुनिया में भारत के बढ़ते गौरव को देखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभान्वित किया है। आज सभी कह रहे हैं ‘मोदी है तो मुमकिन है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हमारी सरकार ने राजस्थान में पेयजल एवं सिंचाई की विभिन्न परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ ही सुदृढ़ बनाने का काम प्राथमिकता से किया है। इसी प्रकार, कर्मभूमि से मातृभूमि एवं वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के जरिए जल संचय को मजबूती प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकाल में प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ा है। वर्ष 2027 तक प्रदेशभर के किसानों को दिन में बिजली दी जाएगी। फिलहाल 26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। राइजिंग राजस्थान का आयोजन कर 35 लाख करोड़ रूपए के एमओयू किए गए, जिनमें से 9 लाख करोड़ रूपए के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-The Chief Minister said that Prime Minister Narendra Modi 12-year tenure is dedicated to trust
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: chief minister, prime minister narendra modi, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, jaipur news, jaipur news in hindi, real time jaipur city news, real time news, jaipur news khas khabar, jaipur news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved