• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

विकसित राजस्थान 2047: प्रगति, सुशासन और समावेशी समृद्धि का विजन

Developed Rajasthan 2047: A Vision of Progress, Good Governance and Inclusive Prosperity - Jaipur News in Hindi

- सुशील वर्मा, चार्टड एकाउंटेंट- राजस्थान विधानसभा मे 11 फरवरी 2026 को प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का बजट ’विकसित राजस्थान-2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक निर्णायक ब्लूप्रिंट है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र से प्रेरित यह बजट प्रदेश की आर्थिक समृद्धि और समावेशी विकास के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व मे उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत यह बजट सेवा, समर्पण और सुशासन को समर्पित है।
सरकार ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए चार प्रमुख वर्गों को अपनी नीतियों के केंद्र में रखा है इन्हे सामूहिक रूप से 'GYAN' (गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति) कहा गया है। राज्य सरकार ने इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। सामाजिक सुरक्षा और गरीब कल्याण के क्षेत्र मे समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्तियों को सशक्त बनाने हेतु 91 लाख से अधिक लाभार्थियों को लगभग 28,400 करोड़ रुपये की पेंशन वितरित की गई है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी और समयबद्ध बनाकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए गए हैं।
किसान सम्मान निधि के माध्यम से 76.18 लाख किसानों को 10,900 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त, गेहूं की एमएसपी पर 150 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस और 2.05 लाख से अधिक नए कृषि विद्युत कनेक्शन देकर किसानों को संबल प्रदान किया गया है। ’लखपति दीदी’, ’सोलर दीदी’, और ’मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री-किट’ जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमी बनाने के प्रयास किए गए हैं।
राज्य सरकार ने बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है। सरकार ने प्रदेश को पिछली सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन से उबारकर अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। इसी क्रम में, पर्यावरण सुरक्षा के लिए राज्य का ’हरित बजट’ भी प्रस्तुत किया गया है। कुशल वित्तीय प्रबंधन और ढांचागत सुधारों के परिणाम अब स्पष्ट रूप से आंकड़ों में झलक रहे हैं। प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार वर्ष 2026-27 मे 21 लाख 52 हजार 100 करोड़ रुपये अनुमानित है, जो पिछली सरकार के अंतिम वर्ष की तुलना में 41.39% अधिक है।
प्रदेशवासियों की औसत आय में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। प्रति व्यक्ति आय 1.67 लाख रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 के अंत तक 2,02,349 रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। ’डबल इंजन’ सरकार के इन साझा प्रयासों का सीधा लाभ प्रदेश के 8 करोड़ नागरिकों को मिल रहा है। सरकार ने अपने कार्यकाल की शुरुआत में ही 10 संकल्प निर्धारित किए थे, जिन्हें विजन डॉक्यूमेंट ’विकसित राजस्थान-2047’ के तहत विकास स्तंभों के रूप में स्थापित किया गया है।
यह बजट इन्हीं स्तंभों को आधार बनाकर तैयार किया गया है। स्थायी विकास के लिए आधारभूत संरचना को अनिवार्य मानते हुए सरकार ने रिकॉर्ड निवेश किया है। वर्ष 2024-25 में 30,427 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड पूँजीगत व्यय किया गया, जो अब तक का सर्वाधिक है। लगभग 27,860 करोड़ रुपये की लागत से 42,000 किलोमीटर सड़कों का विकास किया गया है। प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम बनाने हेतु लगभग 1,800 करोड़ रुपये की लागत से नए स्टेट हाईवे, फ्लाईओवर्स, और पुलों का निर्माण प्रस्तावित है।
बजट में वर्ष 2026-27 के लिए विस्तृत वित्तीय रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। यह राज्य के संतुलित वित्तीय प्रबंधन को दर्शाता है। वर्ष 2026-27 के लिए कुल प्राप्तियां (उधारियों को छोड़कर) 3,14,455.38 करोड़ रुपये अनुमानित हैं। इसमें राजस्व प्राप्तियां 2,85,345.47 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। कुल व्यय (ऋण पुनर्भुगतान को छोड़कर) 3,69,123.33 करोड़ रुपये प्रस्तावित है। इसमें विकास कार्यों के लिए 56,691.82 करोड़ रुपये का पूँजीगत व्यय शामिल है। राजस्व व्यय की तुलना में प्राप्तियों में कमी के कारण 27,086.04 करोड़ रुपये का राजस्व घाटा अनुमानित है।
राजकोषीय घाटा 54,667.95 करोड़ रुपये अनुमानित है, जो कि राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का 2.54 प्रतिशत है। यह एफआरबीएम अधिनियम के तहत निर्धारित 3 प्रतिशत की सीमा के काफी नीचे है। यह राज्य की सुदृढ़ वित्तीय स्थिति का परिचायक है। राजस्थान सरकार का यह बजट 'GYAN' के माध्यम से समाज के हर वर्ग को छूने और मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण द्वारा आर्थिक इंजन को गति देने का एक संतुलित प्रयास है। राजकोषीय घाटे को 2.54% तक सीमित रखना और पूँजीगत व्यय में रिकॉर्ड वृद्धि करना यह दर्शाता है कि सरकार वित्तीय अनुशासन के साथ-साथ भविष्य की संपत्तियों के निर्माण पर ध्यान केंद्रित कर रही है। यह बजट वास्तव में 2047 तक राजस्थान को एक अग्रणी और विकसित राज्य बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Developed Rajasthan 2047: A Vision of Progress, Good Governance and Inclusive Prosperity
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: rajasthan budget 2026-27, developed rajasthan @ 2047, diya kumari, bhajan lal sharma, economic blueprint, inclusive growth, good govern, ance, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, jaipur news, jaipur news in hindi, real time jaipur city news, real time news, jaipur news khas khabar, jaipur news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved