• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

एसआईआर में गड़बड़ियों पर सवाल पूछ रही है कांग्रेस, भाजपा जवाब देने के बजाय फैला रही है भ्रम : टीकाराम जूली

Congress questions irregularities in the SIR process; BJP spreads confusion instead of providing answers: Tikaram Jully - Jaipur News in Hindi

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जमकर घेरा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा आज पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं कांग्रेस के खिलाफ की गई बयानबाजी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपराधबोध में बौखलाकर इस तरह के बयान दे रहे हैं। मेरा मुख्यमंत्री से सीधा सवाल है कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आपसे जो सवाल पूछे थे, आप उनका जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं? यदि उनके पास कुछ भी छुपाने का नहीं है तो इस प्रकार का अपरिपक्व व्यवहार करने की कोई आवश्यकता ही नहीं थी। जूली ने कहा कि सवालों का जवाब देने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियां करना और भाषा की मर्यादा भूल जाना मुख्यमंत्री पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। मुख्यमंत्री की इस तरह की भाषा को पूरा देश देख रहा है। राजस्थान में भाजपा ने आदरणीय भैरों सिंह शेखावत और श्रीमती वसुंधरा राजे जैसे मुख्यमंत्री भी दिए हैं, लेकिन सभी ने राजनीतिक विरोध के बावजूद भाषा की गरिमा और पद की मर्यादा का हमेशा ध्यान रखा। मुख्यमंत्री को अपने पूर्ववर्तियों से इस परंपरा की सीख लेनी चाहिए। वहीं , जूली ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव की प्रेसवार्ता पर भी पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेता एसआईआर को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि कांग्रेस एसआईआर प्रक्रिया का नहीं, बल्कि इस प्रक्रिया में सामने आ रही गंभीर अनियमितताओं का विरोध कर रही है। कांग्रेस की मांग स्पष्ट है कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। भाजपा को यह बताना चाहिए कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए लाखों लोगों के मतदान के अधिकार की जिम्मेदारी कौन लेगा? जिन लोगों के नाम सूची से हट गए हैं, उनके लिए दोबारा अपना नाम जुड़वाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। क्या भाजपा इन लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जवाबदेह नहीं है?
जूली ने कहा कि अश्विनी वैष्णव कांग्रेस से छह सवाल पूछ रहे हैं, लेकिन उन्हें अपनी पार्टी के सामने खड़े सवालों के जवाब भी देने चाहिए। वे एमएलसी चुनाव का उदाहरण देकर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर सवाल उठा रहे हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या एमएलसी चुनाव में देश का आम नागरिक उसी तरह मतदान करता है, जिस तरह लोकसभा और विधानसभा चुनावों में करता है? एमएलसी चुनाव एक सीमित मतदाता वर्ग के माध्यम से होते हैं। ऐसे चुनावों का उदाहरण देकर आम चुनावों की पारदर्शिता और विश्वसनीयता से जुड़े सवालों को खारिज नहीं किया जा सकता। अश्विनी वैष्णव महाराष्ट्र के नागपुर में हुए एमएलसी चुनाव के परिणामों पर भी जवाब दें, जहां कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत वंजारी ने भाजपा प्रत्याशी को हराया। भाजपा अपनी सुविधा के अनुसार चुनाव परिणामों की व्याख्या क्यों करती है?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा को यह भी समझना चाहिए कि लोकतंत्र में सवाल पूछना संवैधानिक अधिकार है। मतदाता सूची में गड़बड़ी, पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करना लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला नहीं, बल्कि उन्हें मजबूत करने का प्रयास है। कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठा रही है। भाजपा हर सवाल को भ्रम और षड्यंत्र बताकर मूल मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है।
जूली ने कहा कि अश्विनी वैष्णव संसद में चर्चा की बात कर रहे हैं, लेकिन जब देश के युवाओं और उनके अधिकारों से जुड़े गंभीर सवालों पर सरकार से जवाब मांगा जाता है, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी जवाब देना चाहिए। कश्मीर में युवाओं पर पैलेट गन के इस्तेमाल और वहां के हालात को लेकर उठे सवालों पर सरकार की जवाबदेही कहां है? संसद केवल विपक्ष से सवाल पूछने का मंच नहीं है, बल्कि सरकार को भी जनता के सवालों का जवाब देना पड़ता है। भाजपा को यह नहीं भूलना चाहिए कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष जवाबदेही से मुक्त नहीं हो सकता।
जूली ने जयपुर में भाजपा की प्रेसवार्ता के दौरान हुए जमावड़े और उससे पैदा हुई अव्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आज का दिन जयपुर का परकोटा क्षेत्र और यहां के व्यापारी शायद ही भूल पाएंगे। धनतेरस जैसे बड़े त्योहार से ठीक एक दिन पहले, जब बाजारों में व्यापारियों को ग्राहकों का इंतजार है और कारोबार के लिहाज से यह बेहद महत्वपूर्ण समय है, तब इस तरह के आयोजन से पैदा हुई अव्यवस्था ने व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। भाजपा को राजनीतिक गतिविधियां करने का पूरा अधिकार है, लेकिन क्या उसे परकोटे के व्यापारियों के हितों और आमजन की सुविधा का ध्यान नहीं रखना चाहिए? त्योहारों के समय व्यापारियों को राहत और सहूलियत देने के बजाय उनके कारोबार को प्रभावित करना उचित नहीं है।
जूली ने कहा कि भाजपा के नेता कांग्रेस से सवाल पूछने के बजाय एसआईआर में सामने आई अनियमितताओं का जवाब दें। लोकतंत्र में मतदाता सबसे महत्वपूर्ण है। उसका नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखना और उसके मताधिकार की रक्षा करना चुनाव आयोग तथा सरकार की जिम्मेदारी है। इस जिम्मेदारी से बचने के लिए कांग्रेस पर आरोप लगाने से सच्चाई नहीं बदल जाएगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Congress questions irregularities in the SIR process; BJP spreads confusion instead of providing answers: Tikaram Jully
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: tikaram jully, sir, special intensive revision, ashwini vaishnaw, bhajan lal sharma, ashok gehlot, rajasthan congress, bjp, voter list, electoral transparency, right to vote, jaipur politics, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, jaipur news, jaipur news in hindi, real time jaipur city news, real time news, jaipur news khas khabar, jaipur news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved