• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

सपनों के आशियाने पर बिल्डर का डाका : रेरा पंजीकरण के नाम पर करोड़ों रुपए समेटे, 8 साल बाद भी नहीं मिला फ्लैट, रिफंड चेक भी हुए बाउंस

Builder robs dream home: Collects crores of rupees in the name of RERA registration, flat not delivered even after 8 years, refund cheques bounced - Jaipur News in Hindi

खास खबर। जयपुर राजधानी जयपुर के रियल एस्टेट क्षेत्र में रेरा पंजीकरण और बड़े बैंकों से गृह ऋण स्वीकृति का झांसा देकर घर खरीदारों की गाढ़ी कमाई हड़पने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। अजमेर रोड स्थित ओमेक्स सिटी में 'शिव सरोवर' नामक आवासीय परियोजना विकसित करने का दावा करने वाली कंपनी 'शिव शक्ति रियल होम प्राइवेट लिमिटेड' पर आवंटियों ने वर्षों तक निर्माण न करने, फ्लैट का कब्जा न देने और रिफंड के नाम पर दिए गए चैक बाउंस हो जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
कोटा निवासी आवंटियों सुश्री ऋषिका जैन एवं श्रीमती मीनाक्षी जैन द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के अनुसार, लगभग आठ साल का लंबा समय बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो उनका आशियाना नसीब हुआ और न ही जमा कराई गई रकम वापस मिली है।
रेरा नंबर और बैंक अप्रूवल का दिखाया सपनाः
शिकायत के अनुसार, शिव शक्ति रियल होम प्राइवेट लिमिटेड ने जयपुर के अजमेर रोड स्थित ओमेक्स सिटी में 'शिव सरोवर' परियोजना प्रस्तुत की थी। कंपनी ने आवंटियों को जारी अपने अधिकृत पत्र में इस प्रोजेक्ट का रेरा पंजीकरण क्रमांक RAJ/P/2017/117 बताया था। इतना ही नहीं, प्रोजेक्ट की विश्वसनीयता साबित करने के लिए यह दावा भी किया गया था कि परियोजना एचडीएफसी (HDFC) और आईसीआईसीआई (ICICI) जैसे प्रतिष्ठित बैंकों से गृह ऋण के लिए विधिवत स्वीकृत है।
लिखित आवंटन पत्र जारी कर ली गई राशिः
बिल्डर के इन दावों और रेरा पंजीकरण पर विश्वास करते हुए आवेदकों ने फ्लैट की बुकिंग कराई और कंपनी ने उनसे मोटी रकम वसूल कर ली। कंपनी द्वारा 10 जनवरी 2018 को जारी हस्ताक्षरित व मुहरबंद आधिकारिक पत्र के अनुसार, सुश्री ऋषिका जैन एवं श्रीमती मीनाक्षी जैन को इस परियोजना में 620 वर्गफुट क्षेत्रफल का 1-BHK फ्लैट (यूनिट संख्या B-403) आवंटित किए जाने की लिखित पुष्टि की गई थी। यही नहीं, कंपनी ने जीएसटी इनपुट क्रेडिट के एवज में 50 प्रतिशत क्रेडिट नोट देने का भी लिखित आश्वासन दिया था।
न फ्लैट बना, न मिला कब्जा; रिफंड चेक भी हुए अनादरित
आवंटियों का आरोप है कि आवंटन और पूरी रकम वसूलने के बावजूद कंपनी ने संबंधित आवासीय परियोजना का निर्माण ही विकसित नहीं किया। वर्षों तक चक्कर काटने के बाद जब खरीदारों ने अपनी जमा पूंजी वापस मांगी, तो कंपनी ने उन्हें टहलाते हुए रिफंड के चेक थमा दिए। लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर वे चेक भी बाउंस (अनादरित) हो गए। बैंक रिकॉर्ड से चेक बाउंस होने की पुष्टि यह दर्शाती है कि यह मामला केवल निर्माण में सामान्य देरी का नहीं, बल्कि धन वापसी की कानूनी प्रतिबद्धता के उल्लंघन और संभावित आपराधिक वित्तीय अनियमितता का है।
सुनियोजित धोखाधड़ी की आशंका, प्रशासन से जांच की गुहारः
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि रेरा पंजीकरण, बैंक ऋण स्वीकृति के दावों और आवंटन पत्रों का जाल बुनकर उनका विश्वास जीता गया और सुनियोजित तरीके से रकम हड़प ली गई। आवंटियों ने राजस्थान रेरा (RERA) प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन से इस प्रकरण की स्वतंत्र व उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
पीड़ितों ने तीखे सवाल उठाते हुए पूछा है कि रेरा पंजीकरण के बाद भी परियोजना वर्षों तक अधूरी क्यों रही? आवंटियों के धन का दुरुपयोग कहाँ किया गया और लगभग आठ वर्षों से मानसिक व आर्थिक प्रताड़ना झेल रहे मध्यमवर्गीय परिवारों के नुकसान का जिम्मेदार कौन है? उन्होंने कंपनी के निदेशकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
राजस्थान रेरा ने बिल्डर कंपनी को किया डिफॉल्टर घोषितः
इधऱ, राजस्थान रेरा हाल ही इस बिल्डर कंपनी के प्रमोटरों राजीव सांघी, संजीव सांघी और ओम सांघी को डिफॉल्टर घोषित करने के साथ ही इनके नाम और फोटो सार्वजनिक करने के आदेश दे चुका है, ताकि लोग इनके झांसे में ना आएं।
बिल्डर बोला- हां, बुकिंग राशि के चैक बाउंस हुए, अब रिफंड दे देंगेः
इधऱ, शिव शक्ति रियल होम प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर संजीव सांघी ने खास खबर डॉट कॉम को बताया कि शिव सरोवर योजना में दोनों पीड़ित आवंटियों की सहमति से ही बुकिंग कैंसल की गई थी। इसकी एवज में उन्होंने बुकिंग राशि के जो चैक दिए थे, वे कोविड-19 की परिस्थितियों के कारण बैंक से बाउंस हो गए थे। लेकिन, अब पीड़ित आवंटी उनसे संपर्क करके अपनी बुकिंग राशि वापस ले सकते हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Builder robs dream home: Collects crores of rupees in the name of RERA registration, flat not delivered even after 8 years, refund cheques bounced
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: shiv shakti real home private limited, shiv sarovar project, rera rajasthan, flat fraud, omaxe city ajmer road jaipur, cheque bounce, real estate scam, unlawful possession delay, homebuyer grievance, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, jaipur news, jaipur news in hindi, real time jaipur city news, real time news, jaipur news khas khabar, jaipur news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved