• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

नशे के सौदागरों पर ANTF का भीषण प्रहार, प्रदेश के 6 जिलों में 7 तस्कर दबोचे

ANTF deals a massive blow to drug traffickers 7 smugglers nabbed across 6 districts of the state. - Jaipur News in Hindi

जयपुर । राजस्थान को पूरी तरह नशामुक्त करने के संकल्प नशा मुक्त भारत विजन 2047 के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने शनिवार को राज्य के अलग-अलग शहरों में एक साथ भीषण प्रहार किया है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के महत्वपूर्ण मार्गदर्शन में एएनटीएफ ने कार्रवाइयों का शानदार छक्का लगाते हुए नागौर, चूरू, फलोदी, बीकानेर, जयपुर और अलवर जिलों में नशा तस्करों के सिंडिकेट को ध्वस्त कर दिया। इन बड़ी कार्रवाइयों में भारी मात्रा में डोडा-चूरा, स्मैक, अफीम व गांजा बरामद कर 7 आरोपियों को दस्तयाब किया गया है तथा तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन जब्त किए गए हैं। नागौर : टायर बर्स्ट होने के बाद भी खेतों में दौड़ाई होंडा सिटी, 100 किलो डोडा-चूरा बरामद
एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि सबसे बड़ी कार्रवाई नागौर जिले के थांवला थाना क्षेत्र में हुई। टीम को सूचना मिली थी कि अजमेर से मेड़ता की तरफ एक होंडा सिटी कार में डोडा पोस्त ले जाया जा रहा है। एनएच-58 पर टहला गांव के पास जब पुलिस ने संदिग्ध कार को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने गाड़ी को यू-टर्न लेकर भगाने की कोशिश की।
मुस्तैद पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए स्टॉप स्टिक से तस्करों की कार का टायर बर्स्ट कर दिया। इसके बावजूद शातिर तस्कर फटे टायर के साथ ही कार को खेतों के कच्चे रास्तों में भगा ले गए। पुलिस ने पीछा कर कार में सवार रामनिवास उर्फ मिर्धा (38) और ओमप्रकाश विश्नोई (35) निवासी कुचेरा को दबोच लिया। कार की डिग्गी और बीच की सीट से 100 किलो 630 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ। आरोपी रामनिवास के खिलाफ पहले से अलग-अलग थानों में 7 मुकदमे दर्ज हैं, वहीं ओमप्रकाश मेड़ता रोड थाने के एक मामले में वांछित था।
चूरू : होटल के बाहर थैले में डोडा-पोस्त और अफीम लेकर खड़ा सप्लायर गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई चूरू जिले के सरदारशहर थाना क्षेत्र में सरदारी होटल के पास अंजाम दी गई। पुख्ता सूचना पर एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने होटल के सामने खड़े एक संदिग्ध युवक की घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद बैग से 1.550 किलोग्राम डोडा पोस्त छिलका, 806 ग्राम डोडा पोस्त चूरा, 104 ग्राम अफीम और नशे की कमाई के 3,200 रुपये बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी रामकिशन उर्फ रामो (24) भालेरी का रहने वाला है।
फलोदी: सब्जी व किराना स्टोर की आड़ में चल रहा था नशे का धंधा
तीसरी कार्रवाई फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र के पीलवा चौराहा पर हुई। यहाँ सादे वस्त्रों में रेकी कर रही एएनटीएफ टीम ने भादू सब्जी एंड किराना स्टोर पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दुकान के गेट पर खड़ा पुनाराम विश्नोई (32) निवासी ओसियां घबरा गया। दुकान की सघन तलाशी लेने पर वहाँ अवैध रूप से छुपाकर रखी गई 121.6 ग्राम अफीम और 648.5 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुई, जिसे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
बीकानेर: पुलिस को देख कंटीली बाड़ फांदकर भागा तस्कर, 3.8 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त
चौथी कार्रवाई बीकानेर के हदां थाना क्षेत्र के लम्माणा भाटियान गांव में हुई। एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस जब तस्कर जालम सिंह राजपूत के घर पहुंची, तो वह पुलिस को देखकर रात्रि के अंधेरे का फायदा उठाकर वह अपने घर के पास बनी कंटीली बाड़ को फांदकर जंगलों में फरार हो गया। पुलिस ने जब उसके द्वारा पटके गए कट्टे की तलाशी ली, तो उसमें 3.845 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ, जिसे जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
जयपुर: रामगढ़ बांध की पाल पर नाकाबंदी में स्मैक के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार
पांचवीं कार्रवाई जयपुर के जमवारामगढ़ कस्बे में अन्नपूर्णा मंदिर के सामने रामगढ़ बांध की पाल पर हुई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को रुकवाया, जिस पर एक पुरुष और महिला सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रामदयाल माली (35) और सुशीला देवी (32) निवासी अस्थल बताया। महिला की तलाशी लेने पर उसके पास से 3.62 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने स्मैक और बाइक जब्त कर पति-पत्नी दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
अलवर : मिष्ठान भंडार के पास गांजा बेचता आरोपी दबोचा
छठी कार्रवाई अलवर जिले के थानागाजी थाना क्षेत्र में जोधपुर मिष्ठान भंडार के पास हुई। एएनटीएफ की टीम ने सादे कपड़ों में निगरानी रखते हुए देव टेंट हाउस के सामने बैठे एक संदिग्ध युवक को डिटेन किया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामखिलाड़ी वर्मा (22) निवासी मानकोट बताया। उसकी तलाशी में 46 ग्राम अवैध गांजा और मादक पदार्थ की बिक्री से कमाए गए 1,300 रुपये नकद बरामद हुए।
आमजन के लिए एएनटीएफ की विशेष अपील
आईजी विकास कुमार ने अपील की है कि नशे के कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए नागरिक आगे आएं और किसी भी अपराधी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना सीधे कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877, व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर शेयर करे। सूचना देने वाले सजग नागरिक की गोपनीयता और सुरक्षा का पूर्ण रूप से ख्याल रखा जाएगा। आपकी पहचान शत-प्रतिशत गुप्त रहेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-ANTF deals a massive blow to drug traffickers 7 smugglers nabbed across 6 districts of the state.
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: antf, drug smugglers, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, jaipur news, jaipur news in hindi, real time jaipur city news, real time news, jaipur news khas khabar, jaipur news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved