• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

लालसोट समाचार : तीन फीट ऊंचाई पर मौत का ट्रांसफार्मर, संकरे रास्ते के कारण वाहनों का निकलना दूभर

Lalsot News: Transformer poses a deadly hazard at a height of just three feet - Dausa News in Hindi

लालसोट। नगर परिषद के वार्ड नंबर 25 में नेहरू कॉलोनी शिवालय के पास लोगों की जिंदगी खतरे के बीच गुजर रही है। यहां जमीन से महज करीब तीन फीट की ऊंचाई पर बड़ा विद्युत ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इसके आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से हादसे की आशंका बनी रहती है। संकरे रास्ते के कारण वाहनों का निकलना दूभर बना हुआ है।आठ परिवारों के चौपहिया वाहनों के लिए रास्ता बंद है मकान निर्माण के लिए आने वाले वाहनों के लिए परेशानी।वर्षों से आश्वासन के सहारे लोग रह रहे है। स्थानीय लोगों में हर समय अनहोनी का डर बना रहता है।

समस्या सिर्फ बिजली के ट्रांसफार्मर तक सीमित नहीं है। क्षेत्र में आठ परिवारों के चौपहिया वाहनों के आवागमन का रास्ता भी अवरुद्ध है। रास्ता नहीं होने के कारण परिवारों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। चुनाव आते हैं तो मिलते हैं आश्वासन, बाद में भूल जाते हैं समस्या
स्थानीय निवासी रामप्रकाश शर्मा , बनवारी गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लंबे समय से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सामने मांग रखी जा रही है। चुनाव के दौरान नेता और प्रत्याशी समाधान का भरोसा दिलाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही समस्या फिर नजरअंदाज हो जाती है। उन्होंने कहा कि आश्वासन बहुत मिले, लेकिन धरातल पर काम आज तक नहीं हुआ।
हादसे का इंतजार या समाधान?
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते समस्या का समाधान करना चाहिए। लोगों ने संबंधित विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर को सुरक्षित ऊंचाई पर लगाने और उसके चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था करने तथा हाईटेंशन तारों को मकानों से सुरक्षित दूरी पर व्यवस्थित करने की मांग की है।
*लालसोट में करीब 25 लाख की नकबजनी का पर्दाफाश, बावरिया गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार*
लालसोट। पुलिस थाना लालसोट ने क्षेत्र में लगातार हुई चोरी एवं नकबजनी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए बावरिया गैंग के मुख्य आरोपी धर्मा उर्फ गुड्डी उर्फ राकेश बावरिया तथा उसके भाई कालू उर्फ हरिराम बावरिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा चोरी किए गए जेवरात एवं नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदातों में करीब 25 लाख रुपए के जेवरात एवं नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। उच्च स्तरीय मॉनिटरिंग, परंपरागत पुलिसिंग एवं तकनीकी संसाधनों की मदद से पुलिस टीम ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट विनोद कुमार सीपा आरपीएस एवं वृत्ताधिकारी लालसोट सत्यनारायण आरपीएस के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी हरलाल पु.नि. के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की।
तीन सूने मकानों को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक 27 अगस्त की रात सीताराम कॉलोनी निवासी महेश कुमार के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के आभूषण एवं 1.50 लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए थे। चोरी किए गए सामान में सोने की चेन, चूड़ियां, अंगूठियां, मंगलसूत्र, हार, पायजेब सहित अन्य आभूषण शामिल थे।
इसी प्रकार 29 अगस्त की रात शुभम कॉलोनी निवासी रमेश चंद के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर एक जोड़ी पायजेब, हथफूल, नाक की थालियां, बिछिया तथा एक लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए।
वहीं महावीर नगर एसडीएम कोर्ट के पास स्थित विजेन्द्र कुमार मीणा के मकान में भी 26 अगस्त को चोरी की वारदात हुई। परिवादी के अनुसार चोर मकान का ताला तोड़कर सोने का पेंडल, तोड़िया, पायजेब तथा 5 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए।
सीसीटीवी मैपिंग और तकनीकी मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
क्षेत्र में अचानक बढ़ी चोरी एवं नकबजनी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने क्राइम पैटर्न एनालिसिस, तकनीकी मदद, सीसीटीवी मैपिंग, इंटेलिजेंस डेवलपमेंट, रूट ट्रेसिंग एवं फील्ड वैरिफिकेशन के जरिए जांच आगे बढ़ाई। आदतन अपराधियों से पूछताछ के साथ ही संभावित ठिकानों और डेरों पर दबिश दी गई।
पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्य वारदात के बाद तेजी से स्थान बदलने में माहिर थे, जिसके कारण आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
7 सितंबर को मिली सफलता
पुलिस टीम को 7 सितंबर को आसूचना एवं तकनीकी सहायता से आरोपियों के बारे में सटीक सूचना मिली। इस पर टीम बौली बाजार लालसोट पहुंची और संदिग्ध धर्मा उर्फ गुड्डी उर्फ राकेश बावरिया एवं कालू उर्फ हरिराम बावरिया को मोटरसाइकिल सहित पकड़कर थाने लाई। पूछताछ में दोनों ने थाना क्षेत्र में हुई चोरी एवं नकबजनी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस अब चोरी किए गए जेवरात एवं नकदी की बरामदगी के साथ ही गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। थानाधिकारी ने बताया कि मामले में
धर्मा उर्फ गुड्डी उर्फ राकेश बावरिया पुत्र बाबूलाल, निवासी टोरडी, मालपुरा जिला टोंक, हाल अस्थाई डेरा, वाटिका जयपुर।
कालू उर्फ हरिराम बावरिया पुत्र बाबूलाल, निवासी टोरडी, मालपुरा जिला टोंक, हाल अस्थाई डेरा, वाटिका जयपुर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम में थानाधिकारी हरलाल पु.नि., अमरसिंह सउनि., हैड कांस्टेबल लक्ष्मीकांत शर्मा, हैड कांस्टेबल सीताराम सहित पुलिस थाना लालसोट के जवान शामिल रहे। कांस्टेबल प्रवीण कुमार की विशेष भूमिका रही।
*खोहरापाड़ा में मनाया 60वां अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस*
*सर्वश्रेष्ठ सर्वेयर रामरूप मीणा सहित विभिन्न प्रतिभाओं का किया सम्मान*

लालसोट। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर लालसोट एवं रामगढ़ पचवारा ब्लॉक में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान लर्नर्स, वीटी एवं सर्वेयर को सम्मानित किया गया तथा विद्यार्थियों को पाठ्य एवं साक्षरता सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रमों में साक्षरता के साथ-साथ मताधिकार के महत्व को लेकर भी जागरूक किया गया।
महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय खोहरापाड़ा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीणा, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी अंजना त्यागी, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, प्रधानाचार्य रत्तीराम मीणा, ब्लॉक साक्षरता समन्वयक अविनाश शर्मा, स्काउट सचिव श्रीकांत शर्मा एवं शंकर लाल जाट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी अंजना त्यागी ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक साक्षरता अभियान पहुंचाने की आवश्यकता है। प्रधानाचार्य रत्तीराम मीणा ने कहा कि वर्तमान समय में शैक्षणिक साक्षरता के साथ वित्तीय साक्षरता भी जरूरी है। ब्लॉक साक्षरता समन्वयक अविनाश शर्मा ने बताया कि लालसोट ब्लॉक उल्लास एप पर साक्षरता अभियान में अग्रणी पायदान पर है। स्काउट सचिव श्रीकांत शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न भाषाओं के ज्ञान एवं उसके महत्व की जानकारी दी।
इस अवसर पर लालपुरा के सर्वेयर रामरूप मीणा को सर्वश्रेष्ठ सर्वेयर के रूप में सम्मानित किया गया। वहीं सुनील शर्मा सूरतपुरा, प्रिया शर्मा, सतीश मौर्य एवं सरदार सिंह गुर्जर का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में साक्षरता सामग्री का वितरण किया गया।
इसी क्रम में रामगढ़ पचवारा स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में भी अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रभुदयाल बैरवा ने कहा कि साक्षर होना बेहद जरूरी है। साक्षर होने के बाद ही व्यक्ति के लिए जीवन के अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ना आसान होता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर मतदान करने का आह्वान किया तथा लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व को समझाया।
उपप्राचार्य विशाल शर्मा ने कहा कि जीवन में साक्षरता जितनी महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्व मतदान का भी है। उन्होंने आगामी नगर निकाय चुनाव में अधिक से अधिक मतदान कर लोकतंत्र में भागीदारी निभाने की अपील की। राउमावि भयपुर के व्याख्याता रमाकांत शर्मा ने निबंध प्रतियोगिता के बाद शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में अतिथियों ने लर्नर्स एवं वीटी को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री वितरित की। ब्लॉक साक्षरता समन्वयक विकास गौतम ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर पीईईओ रामगढ़ पचवारा एवं साक्षरता प्रभारी बनवारी लाल शर्मा, पूरण महावर, रामकिशन महावर, हरिनारायण मीणा, रजनी सेन, ममता शर्मा, सीमा सैन, टीना मल्होत्रा सहित बड़ी संख्या में लर्नर्स एवं वीटी मौजूद रहे।
*लालसोट के 10 खिलाड़ी पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर खेलेंगे कबड्डी*

*ओम पवन पब्लिक स्कूल के छात्रों का सीधे नेशनल लेवल पर चयन, 13 सितंबर को हरिद्वार में दिखाएंगे दमखम*


लालसोट। शहर के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। लालसोट के ओम पवन पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय के 10 छात्रों का राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी के लिए चयन हुआ है। ये खिलाड़ी 13 सितंबर को उत्तराखंड के हरिद्वार में होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय आयोजन में हिस्सा लेंगे। लालसोट के किसी विद्यालय के छात्रों का पहली बार इस स्तर पर चयन होने से विद्यालय परिवार और शहरवासियों में खुशी का माहौल है।
हरिद्वार में होने वाले इस आयोजन में देशभर के 252 स्कूलों के विद्यार्थी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। आयोजन में खेलों के अलावा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई हस्तियों के शामिल होने की भी जानकारी दी गई है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार ओम पवन पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में से है और विद्यालय के 10 विद्यार्थियों का कबड्डी में सीधे राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है। छात्रों के चयन को विद्यालय की खेल गतिविधियों और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम बताया जा रहा है।
संस्था की सचिव डॉ. विनोद शास्त्री ने छात्रों के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह लालसोट के लिए गर्व का विषय है। संस्था बच्चों की शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना पूरे शहर के लिए गौरव की बात है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Lalsot News: Transformer poses a deadly hazard at a height of just three feet
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: lalsot news, transformer, poses a deadly, hazard, three feet, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, dausa news, dausa news in hindi, real time dausa city news, real time news, dausa news khas khabar, dausa news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved