• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

लालसोट समाचार : हाईवे ट्रक लूट का खुलासा, 2 करोड़ के स्कूटी पार्ट्स से भरा ट्रक बरामद, परिवादी चालक ही निकला साजिशकर्ता

Lalsot News: Highway truck robbery solved - Dausa News in Hindi

दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर खुद के ट्रक की लूट की रची साजिश, पुलिस की गहन जांच और सीसीटीवी फुटेज ने खोली कहानी की परतें लालसोट । दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस थाना पापड़दा ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। मामले में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि जिस ट्रक चालक ने खुद को लूट का शिकार बताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, वही कथित रूप से पूरी वारदात का साजिशकर्ता निकला। पुलिस ने परिवादी एवं ट्रक चालक माहिर आजाद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद सिपा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने लूट के बताए गए ट्रक PB13BF8707 को स्कूटी पार्ट्स सहित फिरोजपुर झीरका क्षेत्र से बरामद कर लिया है। बरामद माल की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई गई है।
154 नंबर पिलर पर बांधकर छोड़ने की सुनाई थी कहानी:
पुलिस के अनुसार, खेस्ती निवासी माहिर आजाद ने 1 सितंबर को पापड़दा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि वह 28 अगस्त को मुंबई से ट्रक में स्कूटी पार्ट्स भरकर जींद जा रहा था। 31 अगस्त की शाम वह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के आलूदा रेस्ट एरिया में रुका था।
रिपोर्ट में उसने आरोप लगाया था कि दो युवक उसके ट्रक में जबरन सवार हो गए और उसके साथ मारपीट कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसे पिलर नंबर 154 के पास हाथ-पैर बांधकर छोड़ दिया और आरोपी ट्रक लेकर फरार हो गए। उसने किसी तरह खुद को मुक्त कर रेस्ट एरिया पहुंचकर अपने भाई और पुलिस को सूचना देने की बात कही थी।
CCTV और टोल रिकॉर्ड की जांच में बदली जांच की दिशा:
लूट की सूचना मिलते ही पापड़दा थाना पुलिस ने हाईवे पर लगे विभिन्न एंगल के CCTV कैमरों की जांच शुरू की। साथ ही भांडारेज टोल प्लाजा और अन्य स्थानों के कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
पुलिस टीम फिरोजपुर झीरका तक पहुंची और ट्रक के फास्टैग रिकॉर्ड की भी जांच की। जांच के दौरान पुलिस को परिवादी की कहानी पर संदेह हुआ। इसके बाद माहिर आजाद से गहन पूछताछ की गई।
पुलिस जांच में कथित रूप से सामने आया कि चालक ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर पहले से योजना बनाई थी। तय योजना के अनुसार ट्रक को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के आलूदा रेस्ट एरिया पर पहुंचाया गया, जहां उसके साथी पहले से मौजूद थे। इसके बाद ट्रक को स्कूटी पार्ट्स सहित लेकर फरार होने की योजना को अंजाम दिया गया।
खुद को पीड़ित दिखाने के लिए रची लूट की कहानी:
पुलिस के अनुसार, कथित साजिश के तहत माहिर आजाद को पिलर नंबर 154 के पास हाथ-पैर बांधकर छोड़ दिया गया, ताकि वारदात को वास्तविक लूट का रूप दिया जा सके। इसके बाद उसने पुलिस को ट्रक लूट की कहानी सुनाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर मामला संदिग्ध मिलने पर पूछताछ की गई, जिसमें परिवादी चालक की कथित भूमिका सामने आई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिरोजपुर झीरका से बरामद हुआ ट्रक:
पापड़दा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर ट्रक लूट के मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने फिरोजपुर झीरका क्षेत्र से ट्रक नंबर PB13BF8707 को स्कूटी पार्ट्स से भरा हुआ बरामद किया। बरामद ट्रक और माल की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई गई है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी:
पुलिस का कहना है कि मामले में चालक माहिर आजाद के साथ कथित रूप से योजना बनाने वाले अन्य दोस्तों और रिश्तेदारों की तलाश की जा रही है। मामले में आगे अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
माहिर आजाद पुत्र अलादीन, निवासी खेस्ती, थाना सीकरी, जिला डींग को गिरफ्तार किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट विनोद सीपा के निर्देशन में कार्रवाई की गई। सीओ नांगल राजावतान शीशराम के सुपरविजन में पापड़दा थानाधिकारी जनमेजाराम और पुलिस टीम ने मामले का खुलासा किया।
कार्रवाई में पापड़दा, बांदीकुई और कोलवा थाना पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस टीम में थानाधिकारी जनमेजाराम, बांदीकुई थानाधिकारी जहीर अब्बास, कोलवा थानाधिकारी मनोहरलाल सहित राधामोहन, गणपतलाल, महेश कुमार, कैलाशचंद, अमिताभ, राजेश कुमार, अनिल कुमार और रोबिन सिंह शामिल थे।
‘ *मम्मी-पापा वोट दे’... छात्राओं ने पत्र लिखकर अभिभावकों से मतदान की अपील की*
लालसोट। नगर परिषद लालसोट चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय लालसोट में स्वीप कार्यक्रम-2026 के तहत ‘बाल मनुहार—मम्मी-पापा वोट दे’ अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के तहत छात्राओं से स्टीकर कार्ड एवं पत्र लेखन करवाया गया। छात्राओं ने अपने माता-पिता एवं अभिभावकों के नाम पत्र लिखकर 11 सितंबर 2026 को होने वाले नगर परिषद लालसोट चुनाव में मतदान करने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने पत्रों के माध्यम से अभिभावकों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाशंकर शर्मा, दीपशिखा शर्मा, राकेश कुमार जैन, ABRSM खंड लालसोट अध्यक्ष अनुराग प्रिय शर्मा, हिंदुस्तान स्काउट गाइड ब्लॉक सचिव गोविंद सहाय शर्मा, हेमंत कुमार शर्मा, नविता गौतम, ज्योति बाकोलिया, उमा देवी, भजनती देवी मीणा सहित अन्य उपस्थित रहे।
इसी तरह राजकीय राजेश पायलट पीजी महाविद्यालय में नगरीय निकाय चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मतदाता जागरूकता से संबंधित स्टिकर एवं पोस्टर तैयार किए। विद्यार्थियों को अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों को मतदान के लिए प्रेरित करने के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक करने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने ‘वोट अपील कार्ड’ के माध्यम से भी अपने माता-पिता से मतदान करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य सुभाष पहाड़िया ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए परिवार और आसपास के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम प्रभारी प्रिया भारती शर्मा के निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
*टिकट वितरण में मूल भाजपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप, भाजपा मण्डल प्रवक्ता शर्मा ने दिया इस्तीफा*
लालसोट । नगर परिषद चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी में टिकट वितरण को लेकर असंतोष के स्वर लगातार सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में दौलतपुरा मण्डल के भाजपा प्रवक्ता एवं नगर परिषद लालसोट के वार्ड संख्या 35 के प्रभारी श्याम सुन्दर शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा देने के साथ ही भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से भी त्यागपत्र दे दिया है।
श्याम सुन्दर शर्मा ने अपना त्यागपत्र भाजपा संगठन के पदाधिकारियों, भाजपा मण्डल अध्यक्ष, प्रदेश नेतृत्व एवं संगठन महामंत्री को भेजा है। उन्होंने नगर परिषद चुनाव के लिए टिकट वितरण की प्रक्रिया पर नाराजगी जताते हुए मूल एवं निष्ठावान भाजपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है।
शर्मा ने अपने त्यागपत्र में आरोप लगाया कि पार्टी के निर्देशों के बावजूद टिकट वितरण में स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी गई। उनका कहना है कि कई वार्डों में लंबे समय से संगठन से जुड़े स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर बाहरी व्यक्तियों को प्रत्याशी बनाया गया है, जिससे कार्यकर्ताओं में असंतोष है।
उन्होंने वार्ड संख्या 16 का उल्लेख करते हुए कहा कि लगातार छह बार चुनाव जीतने वाले पार्षद के क्षेत्र में किसी विशेष विरोध के बावजूद प्रत्याशी बदलकर बाहरी व्यक्ति को टिकट दिया गया, जिसका स्थानीय स्तर पर विरोध हो रहा है। वहीं वार्ड संख्या 17 में भी निवर्तमान पार्षद की अनदेखी किए जाने को लेकर उन्होंने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में इन दोनों हो रही है व्यवस्थाओं के कारण पूर्व वाइस चेयरमैन पुरुषोत्तम जोशी तथा पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष दिनेश जोशी भी भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए।
श्याम सुन्दर शर्मा ने अपने त्यागपत्र में कहा कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी एवं लालकृष्ण आडवाणी के विचारों से प्रेरित पार्टी के कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने टिकट वितरण में कार्यकर्ताओं की राय और सलाह को महत्व नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई है।
उन्होंने 2 सितंबर को सौंपे गए त्यागपत्र में भाजपा दौलतपुरा मण्डल प्रवक्ता पद, नगर परिषद चुनाव में वार्ड संख्या 35 के प्रभारी पद तथा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की है।
भाजपा ने आरोपों को बताया निराधार
इधर, भाजपा जिला प्रवक्ता सतपाल मीणा एवं भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष अनिल बुर्जा ने शर्मा द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद चुनाव में विभिन्न वार्डों के प्रत्याशियों का चयन कार्यकर्ताओं की रायशुमारी और संगठनात्मक प्रक्रिया के बाद किया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Lalsot News: Highway truck robbery solved
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: lalsot news, highway, truck robbery, solved, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, dausa news, dausa news in hindi, real time dausa city news, real time news, dausa news khas khabar, dausa news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved