• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

लालसोट समाचार : बालाजी मंदिर में सो रहे साधु की जटा काटी, पुलिस से कार्रवाई की मांग

Lalsot News: Hair of a Sadhu sleeping in Balaji Temple cut, demand for action from police - Dausa News in Hindi

लालसोट के वार्ड 28 स्थित लाहड़ का कुआं क्षेत्र की घटना, अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत; पुलिस जुटी जांच में लालसोट । लालसोट शहर के वार्ड नंबर 28 स्थित लाहड़ का कुआं क्षेत्र में बालाजी मंदिर में रह रहे साधु की जटा काटने का मामला सामने आया है। साधु दयाल दास उर्फ दिनेश ने इस संबंध में लालसोट पुलिस थाने में शिकायत देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा उचित कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत के अनुसार, साधु दयाल दास 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे मंदिर परिसर में तख्त पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर धारदार हथियार से उनकी लंबी जटा काटकर अलग कर दी। साधु को घटना की जानकारी सुबह उठने पर हुई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में उन्हें आए दिन परेशान किया जाता है और भविष्य में किसी गंभीर घटना की आशंका है। साधु ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
लालसोट थानाधिकारी हरलाल मीणा ने बताया कि पीड़ित संत की ओर से रिपोर्ट दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
‘ *चलो बुलावा आया है, मां शेरावाली ने बुलाया है’ भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु*
*महाकाली मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़, महाआरती और भक्ति जागरण में भक्तिमय हुआ माहौल*
लालसोट । उपखंड मुख्यालय स्थित महाकाली मंदिर में नवरात्र के तीसरे दिन मां भगवती की आराधना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने महाकाली माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की और मनौतियां मांगीं। मंदिर परिसर दिनभर जयकारों से गूंजता रहा।
महाकाली धाम के पीठाधीश्वर महंत बनवारी लाल व्यास के सानिध्य में विभिन्न वाद्य यंत्रों के साथ मां महाकाली की महाआरती की गई। इसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भाग लिया और मां की भव्य झांकी के दर्शन किए।
इधर, रात्रिकालीन भक्ति जागरण में मां महाकाली पर आधारित भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। गायक कलाकारों ने जैसे ही प्रसिद्ध भजन ‘चलो बुलावा आया है, माता शेरावाली ने बुलाया है’ की प्रस्तुति दी, श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल छा गया।
इस अवसर पर महाकाली सेवा समिति के सदस्य श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरण करने में जुटे रहे। वहीं, वेदाचार्य पंडित कैलाश शर्मा ने बताया कि मां भगवती तप, त्याग, संयम, साधना और दृढ़ संकल्प की प्रतीक हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उनकी आराधना से भक्तों को धैर्य, आत्मबल और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति प्राप्त होती है। श्रद्धालु मां महाकाली के प्रति अटूट आस्था रखते हुए अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए पूजा-अर्चना करते हैं।
*ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान के तहत*
*लालसोट के चार स्कूलों में विधिक जागरूकता शिविर, 405 विद्यार्थियों को बताए अधिकार*

लालसोट । तालुका विधिक सेवा समिति, लालसोट के तत्वावधान में ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान के तहत चार विद्यालयों में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में कुल 405 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों, बाल सुरक्षा और दुर्व्यवहार एवं शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान की थीम ‘अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं, अपनी सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़े रहें और सुनिश्चित करें कि शिक्षा के स्थान पर कोई बच्चा असुरक्षित न हो’ रही। इसके तहत न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और कानूनी संरक्षण की जानकारी दी।
अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश गीता पाठक ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भैरुवास में शिविर आयोजित कर 120 विद्यार्थियों को जागरूक किया। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-1 ऋतु चंदानी ने स्व. मूलचंद मीणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लालसोट में 160 विद्यार्थियों को जानकारी दी। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-2 मधु शर्मा ने इंदिरा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लालसोट में 60 विद्यार्थियों को जागरूक किया। वहीं, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट दीक्षिका ब्रह्मभट्ट ने श्री राधा कृष्णा विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शिवसिंहपुरा में 65 विद्यार्थियों को विधिक अधिकारों की जानकारी दी।
दुर्व्यवहार होने पर चुप न रहें विद्यार्थी
शिविरों में विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या शोषण का सामना करने पर चुप रहने के बजाय निर्भीक होकर अपनी बात रखें और उचित सहायता प्राप्त करें। बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों की रक्षा करने पर विशेष जोर दिया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि दुर्व्यवहार का सामना कर रहे बच्चों को निःशुल्क कानूनी सहायता, सुरक्षित आश्रय, परामर्श और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के प्रावधान हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (RALSA) की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विधिक सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
इनमें बाल तस्करी निषेध, लाडो प्रोत्साहन योजना, बाल विवाह निषेध, एंटी रैगिंग, घरेलू हिंसा से संरक्षण, बाल श्रम निषेध, निःशुल्क विधिक सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना और मध्यस्थता प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ बाल अधिकारों एवं सुरक्षा का महत्व समझाना और उन्हें अन्याय तथा शोषण के खिलाफ आवाज उठाने के लिए सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रमों के सफल आयोजन में संबंधित विद्यालयों के संस्थापकों, प्राचार्यों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का सहयोग रहा।
तालुका विधिक सेवा समिति, लालसोट की ओर से विद्यार्थियों एवं आमजन तक विधिक जानकारी पहुंचाने और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
*टोरडा तथा चांदसेन में मतदाता जागरूकता रैली निकालकर मतदान का दिया संदेश*
लालसोट । उपखंड की थलोज ग्राम पंचायत के चांदसेन गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों ने वाहन रैली निकालकर ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में ग्रामीण मतदाताओं को अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा ग्राम विकास की सोच रखने वाले योग्य प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अधिक से अधिक मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
विद्यालय विकास समिति के सदस्य, प्रधानाचार्य एवं पदेन प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी शंभूलाल मीणा ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
इसके बाद विद्यालय परिसर से मतदाता जागरूकता वाहन रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नारों और स्लोगन के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य लोकेश शर्मा, रेनू शर्मा, कमलेश बैरवा, भजनलाल मीणा, अनीता शर्मा, कैलाश प्रसाद मीणा, दिनेश कुमार पारीक, हंसराज गुप्ता, दीपक चतुर्वेदी, दीपेश कुमार सैनी, मनीषा मीणा, केसंती मीणा, ललित शर्मा, महेश कुमार शर्मा, राजेश सैनी, विजेंद्र शर्मा एवं ईएलसी प्रभारी रमेश मीणा सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। इसी तरह टोरडा राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भी मतदाता जन जागरूकता रैली निकाली गई। गांव के प्रमुख मार्गों पर होकर रैली निकालकर मतदाताओं को जागरूक करने का काम किया।
*प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, दीपिका और मनीषा को मिला सम्मान*
*जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित*
लालसोट । उपखंड क्षेत्र के दौलतपुरा गांव स्थित सेठ हजारीलाल बिलाला राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर छात्रा दीपिका मीणा एवं मनीषा मीणा को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
संस्था प्रधान ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दोनों छात्राओं को जिला शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश महावर ने सम्मानित किया।
*बीडौली में गूंजा ‘पहले मतदान, फिर जलपान’, वाहन रैली निकालकर किया जागरूक*
लालसोट । रामगढ़ पचवारा पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत बीडौली में मंगलवार को आगामी जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य एवं सरपंच चुनावों को लेकर ब्लॉक स्तरीय मतदाता जागरूकता अभियान के तहत वाहन रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
रैली की शुरुआत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीडौली परिसर से हुई। इसमें दोपहिया वाहनों पर सवार शिक्षक, साइकिलों पर विद्यार्थी तथा पुलिस प्रशासन के कार्मिक शामिल हुए। रैली गांव के प्रमुख मार्गों और बाजारों से होकर गुजरी। इस दौरान प्रतिभागियों ने ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ और ‘वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है’ जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वीप समन्वयक एवं डोब के व्याख्याता महेंद्र साहू ने उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने मताधिकार के महत्व को समझाते हुए सभी मतदाताओं से आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वीप टीम के ओमप्रकाश मीणा, जगदीश मीणा, दिनेश शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Lalsot News: Hair of a Sadhu sleeping in Balaji Temple cut, demand for action from police
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: lalsot news, hair of a sadhu, sleeping in balaji temple, cut, demand, action from police, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, dausa news, dausa news in hindi, real time dausa city news, real time news, dausa news khas khabar, dausa news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved