• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

लालसोट समाचार : स्कूल की नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ और वीडियो वायरल प्रकरण

Lalsot News: Case of molestation of minor school girls and viral video - Dausa News in Hindi

राहुवास पुलिस ने 10 हजार का इनामी आरोपी को किया गिरफ्तार, प्रकरण में पूर्व में पांच आरोपी हो चुके गिरफ्तार लालसोट। दौसा जिले के राहुवास थाना पुलिस ने स्कूल की दो नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ करने और घटनाक्रम का वीडियो वायरल करने के मामले में 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी मनीष मीणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को तकनीकी विश्लेषण और लगातार तलाश के बाद नांगल राजावतान कस्बे से दस्तयाब कर अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राहुवास थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
तीन साल पुरानी घटना का मामला
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को परिवादी ने राहुवास थाने में स्कूल की नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ और वीडियो वायरल करने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि करीब तीन साल पहले आरोपी मनीष मीणा ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपी रोशन मीणा के साथ मिलकर स्कूल में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राओं के साथ जबरदस्ती छेड़छाड़ की थी। पुलिस के अनुसार, घटनाक्रम का वीडियो पिन्टू मीणा से बनवाया गया था, जिसे बाद में दीपक कुमार मीणा उर्फ पिन्टू मीणा ने वायरल कर दिया। पुलिस ने मामले में पूर्व में अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
तकनीकी विश्लेषण से आरोपी तक पहुंची पुलिस
प्रकरण में शेष आरोपी मनीष मीणा की तलाश के लिए पुलिस टीमों ने थाना क्षेत्र और अन्य इलाकों में लगातार दबिश दी। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने उसका पीछा करते हुए नांगल राजावतान कस्बे से उसे पकड़ा। इसके बाद पूछताछ और अनुसंधान के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी दर्ज है गंभीर आपराधिक मामला
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मनीष मीणा के खिलाफ पूर्व में भी नाबालिग बालिका से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में राहुवास थाने में 28 मई 2024 को प्रकरण दर्ज हुआ था। उस मामले में आरोपी न्यायालय से जमानत पर चल रहा है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में नांगल राजावतान वृत्ताधिकारी शीशराम के नेतृत्व में राहुवास थानाधिकारी सुरेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक रामावतार, कांस्टेबल हनुमान, अशोक, राजेंद्र तथा साइबर सेल दौसा के हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।
*मतदान से ही लोकतंत्र को मिलती है मजबूती: मुरारी लाल*

लालसोट। अशोक महान महाविद्यालय, लालसोट में बुधवार को युवा मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से “युवा मतदाता संवाद एवं मानव श्रृंखला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रख्यात शिक्षाविद् मुरारी लाल शर्मा ने कहा कि मतदान करने से ही लोकतंत्र को मजबूती मिलती है मताधिकार का प्रयोग करें तथा लोकतंत्र की ताकत को मजबूत करें। कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व और लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मजबूत राष्ट्र के निर्माण में मतदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवा लोकतंत्र की असली ताकत हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ने तथा मतदान के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
‘ *वोट दो’ के संदेश से गूंजे गांव, मानव श्रृंखला बनाकर किया मतदाताओं को जागरूक*
*पंचायत आमचुनाव को लेकर स्वीप टीम का अभियान,*
लालसोट। आगामी पंचायत आमचुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लालसोट क्षेत्र में स्वीप (SVEEP) टीम की ओर से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीणा के नेतृत्व में लालसोट, शिवसिंहपुरा सहित विभिन्न गांवों में मानव श्रृंखला, युवा संवाद और जागरूकता रैलियों के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
मानव श्रृंखला बनाकर दिया मतदान का संदेश
स्वीप समन्वयक श्रीकांत शर्मा ने बताया कि समेल गांव में युवा मतदाता संवाद कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को लोकतंत्र में मतदान की महत्ता समझाई गई। वहीं, चांदसेन गांव में रमेश मीणा के नेतृत्व में मानव श्रृंखला बनाकर ‘वोट दो’ का संदेश दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों से चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की गई।
15 से अधिक गांवों में चला अभियान
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत चौंडियावास, संवासा, बगड़ी, श्रीमा, किशनपुरा, खुर्रा, खेड़ला खुर्द, किशोरपुरा, शिवसिंहपुरा, दौलतपुरा, श्यामपुरा कला, राजोली, खटवा, खटूम्बर और लाडपुरा सहित विभिन्न गांवों में मानव श्रृंखलाएं बनाई गईं और जागरूकता रैलियां निकाली गईं।
कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को बिना किसी प्रलोभन के निष्पक्ष मतदान करने तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
स्वीप टीम की रही सक्रिय भागीदारी
अभियान को सफल बनाने में स्वीप टीम के सदस्य सुनील शर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा और रामखिलाड़ी मीणा ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान में स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। टीम ने मतदाताओं से पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।
*भयमुक्त होकर शांतिपूर्वक मनाएं नवरात्र और दशहरा, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च*
*लालसोट शहर सहित श्यामपुरा कला में पुलिस ने निकाला मार्च,*
लालसोट। नवरात्र महोत्सव एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस ने लालसोट शहर सहित श्यामपुरा कला कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल ने प्रमुख मार्गों, बाजारों, मोहल्लों और गलियों में मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
लालसोट में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद सीपा, डीएसपी सत्यनारायण यादव एवं थाना अधिकारी हरलाल मीणा की अगुवाई में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों से होकर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से भयमुक्त होकर शांतिपूर्वक नवरात्र महोत्सव एवं दशहरा पर्व मनाने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने का आह्वान किया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इसी क्रम में झापदा थाना पुलिस ने श्यामपुरा कला कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।
*डिडवाना स्कूल में बाल मेले का आयोजन, खेल-खेल में सीखने का मिला अवसर*
*बालवाटिका के नन्हे-मुन्नों ने बालगीतों और रचनात्मक गतिविधियों में लिया भाग, अभिभावकों ने भी उत्साह से की सहभागिता*
लालसोट। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय डिडवाना में बालवाटिका कक्षाओं का बाल मेला (ईसीसीई दिवस) आयोजित किया गया। मेले में नन्हे विद्यार्थियों ने विभिन्न आनंददायी एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को खेल-खेल में सीखने के अवसर प्रदान करना तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रधानाचार्य सोनिया व्यास ने बताया कि बाल मेले के दौरान बालवाटिका के विद्यार्थियों ने बालगीत, संज्ञानात्मक गतिविधियों, सृजनात्मक विकास, भाषा विकास तथा बाहरी खेलों में सहभागिता की। वहीं अभिभावकों ने कठपुतली के माध्यम से कहानी सुनाने, हम मिलकर बनाएं, पेपर डांस एवं अभिभावक दौड़ प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
बालवाटिका प्रभारी राजकमल सैनी ने मेले की थीम पर आधारित गतिविधियों एवं प्रस्तावित आयोजनों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य सोनिया व्यास ने बाल मेले के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को उनकी आयु एवं विकासात्मक आवश्यकताओं के अनुरूप आनंददायी, रचनात्मक और अनुभवात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलता है। इससे सीखने के प्रतिफल में वृद्धि होती है तथा गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए भयमुक्त वातावरण तैयार करना और उन्हें सीखने के प्रति प्रोत्साहित करना बाल मेले का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य, अभिभावक एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
*हेमल्यावाला में मानव श्रृंखला बनाकर जगाई* *मतदान की अलख*
*स्वीप अभियान के तहत जागरूकता रैली*
लालसोट। पंचायत आम चुनाव को लेकर बुधवार को रामगढ़ पचवारा ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हेमल्यावाला में ब्लॉक स्तरीय मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मतदाता संवाद, जागरूकता रैली एवं मानव श्रृंखला के माध्यम से लोगों को मतदान के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत ‘मैं जागरूक मतदाता हूं’ सामूहिक संकल्प पत्र के वाचन से हुई। स्वीप कॉर्डिनेटर एवं व्याख्याता महेंद्र साहू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक को बिना डर, दबाव और लालच के निष्पक्ष होकर मतदान करना चाहिए।
प्रधानाचार्य सुनीता वर्मा ने विद्यार्थियों से अपने घरों और पड़ोस में लोगों को मतदान दिवस पर मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। व्याख्याता गिर्राज मीणा ने कहा कि लोकतंत्र के हवन में प्रत्येक मतदाता को अपने मत की आहुति देनी चाहिए।
इस दौरान भारत स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली तथा मानव श्रृंखला बनाकर अधिक से अधिक मतदान करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
*35 क्विंटल गेहूं की वसूली कर उपभोक्ताओं को दिलाने की मांग*
*सभापति, उपसभापति सहित पार्षदों ने जिला रसद अधिकारी को भेजा पत्र*
लालसोट। नगर परिषद सभापति कपिल पुरोहित, उपसभापति बृजमोहन सैनी एवं पार्षद सद्दाम हुसैन सहित अन्य लोगों ने जिला रसद अधिकारी को पत्र भेजकर वार्ड 6 और 10 के राशन उपभोक्ताओं के गेहूं की आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
पत्र में बताया कि पोस मशीन नंबर 17754 अंकुश आड़क के नाम से दर्ज है, जिसे सत्यनारायण शर्मा के यहां अटैच कर रखा है। आरोप है कि उपभोक्ताओं के हिस्से के 35 क्विंटल गेहूं की वसूली की जानी है। इसके चलते राशन उपभोक्ताओं को अपना गेहूं प्राप्त करने के लिए दूसरे राशन डीलरों के पास जाने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने जिला रसद अधिकारी से मांग की कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा 35 क्विंटल गेहूं की वसूली कर संबंधित उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें खाद्यान्न की पूरी आपूर्ति मिल सके।
*राजेश पायलट कॉलेज में युवा मतदाता संवाद एवं मानव श्रृंखला का आयोजन*
‘ *लोकतंत्र की शान, शत-प्रतिशत मतदान’ के नारों से दिया* *जागरूकता का संदेश*
लालसोट। राजेश पायलट राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लालसोट में जिला निर्वाचन अधिकारी दौसा के निर्देशानुसार स्वीप गतिविधि कैलेंडर के तहत बुधवार को युवा मतदाता संवाद एवं मानव श्रृंखला कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक करना रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर सुभाष पहाड़िया ने विद्यार्थियों एवं युवा मतदाताओं को संबोधित करते हुए मतदाता सूची में पंजीकरण के महत्व, मतदान के अधिकार तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और मतदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
ईएलसी प्रभारी प्रिया भारती शर्मा एवं गायत्री पांड्या ने युवा मतदाता संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने, अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर मतदान जागरूकता का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने ‘मैं जागरूक मतदाता हूं’ और ‘लोकतंत्र की शान, शत-प्रतिशत मतदान’ जैसे नारों के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने तथा परिवार और समाज में मतदान के महत्व का प्रचार-प्रसार करने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने और लोकतंत्र में उनकी सक्रिय सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Lalsot News: Case of molestation of minor school girls and viral video
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: lalsot news, case of molestation, minor school, girls and viral video, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, dausa news, dausa news in hindi, real time dausa city news, real time news, dausa news khas khabar, dausa news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved