• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

लालसोट डायरी : जमीन विवाद को लेकर दो युवक पानी की टंकी पर चढ़े, चार घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद उतारे गए नीचे

Lalsot Diary: Two youths climbed a water tank over a land dispute - Dausa News in Hindi

लालसोट। कस्बे में जमीन विवाद को लेकर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो युवक रामगढ़ पचवारा नगरपालिका कार्यालय परिसर स्थित पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई तथा प्रशासन और पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। कस्बा निवासी पदम सिंह और लालासिंह ने आरोप लगाया कि पड़ोसी खातेदार की भूमि के सीमांकन (सीमा ज्ञान) के दौरान उनकी भूमि का हिस्सा गलत तरीके से पड़ोसी के कब्जे में दर्शा दिया गया। उनका कहना है कि तहसील प्रशासन द्वारा कराए गए सीमांकन में गंभीर अनियमितताएं बरती गई हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और कानूनी नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे युवकों ने आरोप लगाया कि पटवारी और गिरदावर ने कथित रूप से भूमाफियाओं से मिलीभगत कर उनकी जमीन पर कब्जा करवाने में भूमिका निभाई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सीमांकन की प्रक्रिया के लिए उन्हें कोई पूर्व सूचना या नोटिस नहीं दिया गया, जबकि नियमानुसार सभी पक्षों को सूचित किया जाना आवश्यक है।
दोनों युवकों ने विवादित भूमि से कथित अतिक्रमण हटाने, संबंधित पटवारी और गिरदावर के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएस कैलाश मीणा, थाना अधिकारी मदनलाल मीणा, तहसीलदार रवि प्रकाश गुप्ता सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सिविल डिफेंस टीम ने टंकी के चारों ओर सुरक्षा जाल लगाकर एहतियाती इंतजाम किए।
करीब चार घंटे तक चले समझाइश और वार्ता के दौर के बाद अधिकारियों ने युवकों को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी कर लिया। तहसीलदार रवि प्रकाश गुप्ता ने बताया कि विवादित भूमि का बुधवार को पुनः सीमांकन कराया जाएगा तथा इस प्रक्रिया से पूर्व सभी संबंधित पक्षों को विधिवत नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पटवारी को हटाने की मांग से भी उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
लाल क्लब खेल स्टेडियम में होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम, तैयारियां पूरी
लालसोट। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार, 21 जून को उपखंड मुख्यालय पर सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन लाल क्लब खेल स्टेडियम के मैदान में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. दीनदयाल पारीक ने बताया कि योग अभ्यास कार्यक्रम प्रातः 6:15 बजे से 8:00 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम में विधायक रामविलास मीणा निवर्तमान सभापति पिंकी चतुर्वेदी , सहित बड़ी संख्या में आमजन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान योग विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का प्रदर्शन किया जाएगा तथा उपस्थित लोगों को योगाभ्यास भी करवाया जाएगा। योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी जाएगी।
डॉ. पारीक ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोग रहता है और मानसिक तनाव दूर होता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाना चाहिए।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से समय पर पहुंचकर योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेने और योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
विधायक रामविलास मीणा ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश
लालसोट। विधायक रामविलास मीणा ने शनिवार को डूंगरपुर स्थित अपने आवास पर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से आवश्यक निर्देश देकर उनके त्वरित समाधान के लिए कहा। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे।
इस अवसर पर तलाव गांव से आए ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल और बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा तथा शीघ्र कार्रवाई की मांग की। विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से बात कर समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कराए गए सड़क विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया और विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में सड़क अवसंरचना के सुदृढ़ होने से आवागमन सुगम हुआ है तथा आमजन को राहत मिली है।
विधायक रामविलास मीणा ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे तथा विभिन्न जनहित मुद्दों पर विधायक से चर्चा की।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Lalsot Diary: Two youths climbed a water tank over a land dispute
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: lalsot diary, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, dausa news, dausa news in hindi, real time dausa city news, real time news, dausa news khas khabar, dausa news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved