• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

लालसोट में 8 नकबजनी की वारदातों का पर्दाफाश, बावरिया गैंग का मुख्य आरोपी विजय उर्फ कुण्डा गिरफ्तार

Eight burglary cases solved in Lalsot; key accused of the Bawaria gang, Vijay alias Kunda, arrested - Dausa News in Hindi

लालसोट (दौसा)। लालसोट थाना क्षेत्र में पिछले एक माह से लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए बावरिया गैंग के मुख्य आरोपी विजय उर्फ कुण्डा बावरिया को गिरफ्तार कर लिया है। लालसोट थाना पुलिस, स्पेशल टीम और जिला साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को टोंक जिले के दतवास थाना क्षेत्र के करेल मोड़ से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित दबोचा गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर चोरी गए जेवरात, नकदी और अन्य सामान की बरामदगी के साथ-साथ गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट विनोद सीपा, वृत्ताधिकारी सुरेंद्र सिंह तथा थानाधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष रणनीति तैयार की गई। क्राइम पैटर्न का विश्लेषण किया गया, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तकनीकी साक्ष्यों का संग्रह किया गया, साइबर सेल की सहायता ली गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बावरिया गैंग के सदस्य पहले दिन के समय कॉलोनियों और गांवों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय मकानों के ताले तोड़कर या पीछे की दीवार अथवा खिड़की से प्रवेश कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। वारदात के तुरंत बाद गैंग अपना ठिकाना बदल लेता था, जिससे पुलिस के लिए इन तक पहुंचना चुनौती बना हुआ था।
पुलिस ने लगातार कई दिनों तक संदिग्धों के संभावित ठिकानों और डेरों पर दबिश दी। आखिरकार 26 जून को तकनीकी इनपुट और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम करेल मोड़, दतवास (टोंक) पहुंची, जहां से मुख्य आरोपी विजय उर्फ कुण्डा बावरिया को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ लालसोट क्षेत्र में हुई सभी आठ नकबजनी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
एक माह में इन आठ वारदातों का हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार आरोपी और उसके साथियों ने 5 मई से 23 जून के बीच लालसोट थाना क्षेत्र में आठ अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। इनमें खारली इंदावा, परशुराम कॉलोनी, मिर्जापुरा, महावीर नगर, कबीर कॉलोनी, हनुमान वाटिका, नया बस स्टैंड क्षेत्र और स्वास्तिक नगर स्थित सूने मकानों को निशाना बनाया गया। अधिकांश मामलों में मकानों के ताले तोड़कर या पीछे से प्रवेश कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी किया गया। एक घटना में रियलमी कंपनी का टैबलेट भी चोरी किया गया था।
पेशेवर तरीके से हुई जांच
पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए क्राइम पैटर्न एनालिसिस, सीसीटीवी मैपिंग, रूट ट्रेसिंग, तकनीकी निगरानी, साइबर विश्लेषण, इंटेलिजेंस डेवलपमेंट और फील्ड वेरिफिकेशन जैसे आधुनिक तरीकों का उपयोग किया। संदिग्ध आदतन अपराधियों से पूछताछ के बाद विजय उर्फ कुण्डा और उसके साथियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने लगातार निगरानी रखते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
साइबर सेल की रही अहम भूमिका
पूरे ऑपरेशन में लालसोट थाना पुलिस की विशेष जांच टीम के साथ जिला साइबर सेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साइबर सेल द्वारा उपलब्ध कराए गए तकनीकी इनपुट और लोकेशन विश्लेषण के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस ने विशेष रूप से साइबर सेल के कांस्टेबल महेंद्र कुमार की भूमिका की सराहना की है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि लंबे समय के लिए घर से बाहर जाना हो तो इसकी सूचना अपने पड़ोसियों या स्थानीय पुलिस को दें। घरों में सीसीटीवी कैमरे और मजबूत ताले लगाएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस प्रकार की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
मोरेल बांध में केमिकल युक्त पानी पहुंचने पर किसानों का आक्रोश, 1 जुलाई को होगी महापंचायत

लालसोट।
उपखंड के कांकरिया गांव स्थित मोरेल नदी पर बने मिट्टी के सबसे बड़े कच्चे बांध मोरेल बांध में मानसून से पहले ही जयपुर की फैक्ट्रियों का रसायनयुक्त और प्रदूषित पानी पहुंचने से क्षेत्र में गंभीर पर्यावरणीय चिंता पैदा हो गई है। बांध की कुल भराव क्षमता 30 फीट 5 इंच है, जबकि वर्तमान में जलस्तर 29 फीट 4 इंच तक पहुंच चुका है। इससे दौसा और सवाई माधोपुर जिले के दर्जनों गांवों के किसानों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जयपुर शहर के अमानीशाह नाले तथा सांगानेर क्षेत्र की रंगाई-छपाई इकाइयों से निकलने वाला केमिकल युक्त दूषित पानी लगातार मोरेल बांध में पहुंच रहा है, जिससे जल प्रदूषण का खतरा बढ़ता जा रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर शनिवार सुबह बांध के समीप स्थित पीलूखेड़ा के पास भेडोली गांव के राजकीय विद्यालय परिसर में दौसा और सवाई माधोपुर जिले के किसान प्रतिनिधियों की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 1 जुलाई को मोरेल बांध पर विशाल किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें दोनों जिलों के सैकड़ों गांवों के हजारों किसान और ग्रामीण भाग लेंगे।
बैठक में वक्ताओं ने मांग की कि जयपुर से आने वाले केमिकल युक्त दूषित पानी को तत्काल मोरेल बांध में आने से रोका जाए तथा इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए पानी को बांध में पहुंचने से पहले ही अन्य स्थान पर डायवर्ट किया जाए।
21 सदस्यीय समिति गठित, 29 जून को सौंपेंगे ज्ञापन:
बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति तय करने के लिए 21 सदस्यीय समिति का गठन किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि 29 जून को लालसोट और बौंली के उपखंड अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।
किसानों से लेकर पर्यावरणविदों तक बढ़ी चिंता
मोरेल बांध के इतिहास में पहली बार मानसून पूर्व इस तरह प्रदूषित पानी से बांध लगभग भर जाने की स्थिति पर खुशी के बजाय चिंता का माहौल है। पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक औद्योगिक अपशिष्ट मिश्रित पानी के संग्रहण से जल की गुणवत्ता प्रभावित होगी और उसमें रासायनिक तत्वों की मात्रा बढ़ सकती है। इससे कृषि सिंचाई, पेयजल और अन्य उपयोगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। लगातार ऐसे पानी से सिंचाई होने पर भूमि की भौतिक एवं रासायनिक संरचना भी प्रभावित होने की आशंका है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदूषित पानी के कारण मोरेल बांध पर आने वाले जलपक्षियों ने भी यहां से दूरी बनानी शुरू कर दी है, जिससे क्षेत्र की जैव विविधता पर भी संकट गहराने लगा है।

बार-बार की बिजली कटौती से लोग रहे परेशान

लालसोट। उपखंड मुख्यालय पर शनिवार की रात नवजीवन हॉस्पिटल के पास की कॉलोनी में बार-बार हो रही बिजली की कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पड़ रही गर्मी से महिलाएं बच्चे परेशान रहे। स्थिति यह रही की एक-एक घंटे तक बिजली गुल रही जिससे लोगों में रोष रहा । अधिशासी अभियंता को दूरभाष पर मामले की जानकारी दी तब जाकर देर रात बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Eight burglary cases solved in Lalsot; key accused of the Bawaria gang, Vijay alias Kunda, arrested
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: lalsot news, dausa news, burglary case, nakabjani, bawariya gang, vijay alias kunda bawariya, rajasthan police, lalsot police, tonk police, cyber cell dausa, vinod seepa, surendra singh, pawan kumar, crime news rajasthan, theft case, police arrest, cctv investigation, cyber investigation, rajasthan crime news, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, dausa news, dausa news in hindi, real time dausa city news, real time news, dausa news khas khabar, dausa news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved