• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

भीलवाड़ा समाचार : न्यायालय में फर्जी बिलों से 77 लाख रुपये के गबन के आरोपी लिपिक की बर्खास्तगी बरकरार

Bhilwara News: Dismissal upheld of court clerk accused of embezzling - Bhilwara News in Hindi

भीलवाड़ा। राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर की डबल बेंच द्वारा डी.बी. स्पेशल अपील रिट संख्या 699/2026 में 5 जून 2026 को पारित आदेश की पालना में जिला एवं सेशन न्यायाधीश, भीलवाड़ा श्री अभय जैन ने न्यायालय कर्मचारी देवेन्द्र कुमार जोशी की बर्खास्तगी को यथावत रखते हुए पूर्व में जारी आदेश को पुनः प्रभावी कर दिया है। जानकारी के अनुसार न्यायालय में फर्जी बिलों के माध्यम से लगभग 77 लाख रुपये के गबन के मामले में हाईपावर कमेटी की जांच में दोषी पाए जाने पर देवेन्द्र कुमार जोशी को 28 अगस्त 2025 को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके विरुद्ध जोशी ने राजस्थान उच्च न्यायालय में चुनौती प्रस्तुत की थी, जिस पर 19 मई 2026 को बर्खास्तगी आदेश पर अंतरिम स्थगन प्राप्त हुआ था। स्थगन आदेश के बाद देवेन्द्र कुमार जोशी को पुनः सेवा में बहाल करते हुए रायपुर न्यायालय में पदस्थापित किया गया था। हालांकि, मामले की सुनवाई के दौरान राजस्थान उच्च न्यायालय की डबल बेंच ने 5 जून 2026 को पारित आदेश के माध्यम से पूर्व में दिए गए स्थगन आदेश की क्रियान्विति पर रोक लगा दी।
उच्च न्यायालय के नवीन आदेश की पालना में जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री अभय जैन ने देवेन्द्र कुमार जोशी की बर्खास्तगी संबंधी 28 अगस्त 2025 के आदेश को पुनः प्रभावी करते हुए उसकी सेवा से बर्खास्तगी बरकरार रखने तथा उसे तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने के आदेश जारी किए हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला कारागृह में पौधारोपण, परिंडे वितरण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भीलवाड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्ययोजना के तहत शुक्रवार को जिला कारागृह परिसर में पौधारोपण, पक्षियों के लिए परिंडे लगाने तथा कपड़े के थैलों के वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जेएसजी संगिनी ग्रुप एवं जिंदल सॉ लिमिटेड के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय जैन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य, बार एसोसिएशन अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रतिभा देवठिया तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन सहित अन्य अतिथियों ने पौधारोपण किया।
इस अवसर पर अभय जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने आमजन से प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कपड़े के थैलों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि घरों के सामने पेड़ लगाने से शहर हरा-भरा और सुंदर बनेगा तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने बताया कि जिंदल सॉ लिमिटेड के सहयोग से पर्यावरण जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन आम नागरिकों के बीच निःशुल्क कपड़े के थैले वितरित करेगा। वहीं जेएसजी संगिनी ग्रुप की अध्यक्ष पुष्पा गोखरू एवं मंजु पोखारना के सहयोग से पौधारोपण तथा पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने आमजन को कपड़े के थैले और परिंडे भी वितरित किए।
रश्मि आर्य ने नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए “एक पेड़, एक उम्मीद—धरती के लिए नई जिंदगी” का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, समाजसेवी, अधिवक्तागण, न्यायिक विभाग के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जिला कारागृह का त्रैमासिक निरीक्षण
विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम के साथ ही जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन की अध्यक्षता में बोर्ड ऑफ विजिटर्स के सदस्यों द्वारा जिला कारागृह का त्रैमासिक निरीक्षण भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेलर हेमंत शर्मा से बंदियों के स्वास्थ्य, चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता का जायजा भी लिया।
बोर्ड ने यह भी सुनिश्चित किया कि कारागृह में किसी जाति, धर्म, वर्ग, लिंग अथवा सामाजिक-आर्थिक स्थिति के आधार पर बंदियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कारागृह परिसर एवं बैरकों की मरम्मत, पुताई, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजयुमो ने लगाए 101 नीम के पौधे
भीलवाड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के तत्वावधान में नारायणपुरा विद्यालय ग्राउंड में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो प्रदेश सोशल मीडिया सह-प्रभारी रामपाल चौधरी ने किया।
रामपाल चौधरी ने बताया कि भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा के निर्देशानुसार प्रदेशभर में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इसी क्रम में नारायणपुरा विद्यालय ग्राउंड में कार्यकर्ताओं ने 101 नीम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाने की शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मांडल के पूर्व प्रधान गोपी सारस्वत, सत्यनारायण पारीक, घनश्याम विश्नोई, ओमप्रकाश गाडरी, सांवर गाडरी, कमलेश पारीक, राजू जाट, सत्यनारायण जाट, शुभम माली, रामलाल भील, शंकर गुर्जर, किशन गुर्जर तथा हीरालाल गाडरी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्राकृतिक खेती अपनाकर धरती माता को बचाने का लिया संकल्प
भीलवाड़ा। कृषि आयुक्तालय जयपुर निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गढ़ पाछली आमली के सभागार में प्राकृतिक खेती विषय पर कृषक गोष्ठी एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने भाग लेकर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ. धीरेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, भूमि की घटती उर्वरा शक्ति एवं मानव स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को देखते हुए प्राकृतिक खेती समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल उत्पादन लागत को कम करती है बल्कि मिट्टी की सेहत सुधारने, जल संरक्षण करने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने किसानों से रासायनिक कृषि पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
कृषि अधिकारी कजोड़मल गुर्जर ने किसानों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न आयामों, जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत, आच्छादन एवं वाफसा जैसी तकनीकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे किसान कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने किसानों से खेतों की मेड़ों पर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा जल संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
गोष्ठी में सहायक कृषि अधिकारी प्रह्लाद सहाय सारस्वत, कृषि पर्यवेक्षक मंजू गुर्जर, मदन लाल रेगर एवं ज्योति लड्डा ने भी किसानों को प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन एवं विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल लाल चौधरी, भाजपा किसान मोर्चा के जिला प्रभारी गोविंद वैष्णव, सहायक सचिव सांवरमल ढोली, व्यवस्थापक देवीलाल जाट, एफपीओ के डायरेक्टर विनोद जाट सहित अनेक कृषक मौजूद थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Bhilwara News: Dismissal upheld of court clerk accused of embezzling
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: bhilwara news, dismissal, court clerk, accused, embezzling, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, bhilwara news, bhilwara news in hindi, real time bhilwara city news, real time news, bhilwara news khas khabar, bhilwara news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved