• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

श्रीमद् उत्तराध्ययन सूत्र के चौथे से छठे अध्ययन का विवेचन, प्रमाद, मृत्यु-बोध, पंडित-मरण, अहिंसा और निर्ग्रंथ जीवन के सूत्र समझाए

An exposition of the fourth through sixth chapters of the Shrimad Uttaradhyayana Sutra - Bhilwara News in Hindi

भीलवाड़ा। मनुष्य जीवन की सबसे बड़ी भूल यह है कि वह मृत्यु को निश्चित मानता है, लेकिन उसका समय अनिश्चित है यह भूल जाता है। धर्म, साधना और आत्मचिंतन को ‘बाद में’ पर टालते-टालते जीवन का समय कब हाथ से निकल जाए, इसका भरोसा नहीं। अंतिम क्षण में इच्छा जाग सकती है, लेकिन बीता हुआ अवसर लौटकर नहीं आता। ये विचार श्रमणसंघीय युवाचार्य महेन्द्र ऋषिजी ने शांतिभवन में श्रीमद् उत्तराध्ययन सूत्र के चौथे, पांचवें और छठे अध्ययनों के मूल पाठ का स्वाध्याय कर उनके गूढ़ भावों का विवेचन करते हुए व्यक्त किए। युवाचार्यश्री ने कहा कि श्रीमद् उत्तराध्ययन सूत्र जैन आगम साहित्य का ऐसा जीवन-दर्शन है जो मनुष्य को केवल जीने की नहीं, जीवन की यात्रा को सही ढंग से पूर्ण करने की भी दिशा देता है। जिस प्रकार वैदिक परंपरा में श्रीमद् गीता का विशिष्ट स्थान है, उसी प्रकार जिनशासन में उत्तराध्ययन सूत्र जीवन के अनेक आयामों को स्पर्श करने वाला महत्वपूर्ण आगम है। आवश्यकता इसे केवल स्थानक और स्वाध्याय तक सीमित रखने की नहीं, जीवन की दिशा बनाने की है। चौथे अध्ययन का मर्म बताते हुए उन्होंने कहा कि जीवन ‘असंस्कृत’ है एक बार इसकी डोर टूट जाए तो उसी जीवन को फिर जोड़कर नहीं पाया जा सकता। बुढ़ापा आए तो उसे रोका नहीं जा सकता और आयुष्य समाप्त हो जाए तो धन, पद, प्रतिष्ठा या संबंध उसे लौटा नहीं सकते। इसलिए भगवान महावीर का स्पष्ट संदेश है प्रमाद मत करो।
उन्होंने कहा कि प्रमाद केवल आलस्य या अधिक सोना नहीं है। अपने वास्तविक आत्मस्वरूप को भूलकर बाहरी पदार्थों, संबंधों और आकर्षणों में इतना उलझ जाना कि मनुष्य अपनी मूल पहचान ही भूल जाए, यही गहरा प्रमाद है। जैसे विदेश में पासपोर्ट खोने पर व्यक्ति की पहचान संकट में पड़ जाती है, उसी प्रकार आत्मपहचान खो जाने पर जीवन दिशाहीन हो जाता है।
युवाचार्यश्री ने कहा कि मनुष्य अक्सर सोचता है अभी बहुत समय है, धर्म बाद में कर लेंगे। लेकिन जीवन की कोई निश्चित सेवा- अवधि नहीं है। किस क्षण यात्रा पूरी हो जाए, कोई नहीं जानता। जो आज संभव है उसे कल के भरोसे छोड़ देना ही प्रमाद की सबसे खतरनाक आदत है।
पांचवें ‘अकाम मरणीय’ अध्ययन का विवेचन करते हुए युवाचार्यश्री ने कहा कि मृत्यु को टाला नहीं जा सकता, लेकिन मृत्यु का सामना किस मनःस्थिति में हो, यह जीवन की साधना तय करती है। जिसने पूरा जीवन केवल संग्रह, संबंध और इच्छाओं में बिताया, उसके अंतिम क्षण में छूटने की पीड़ा अधिक होती है। जिसने त्याग, संयम और विरति का अभ्यास किया, वह जीवन के समापन को अधिक सहजता से स्वीकार कर सकता है।
उन्होंने कहा कि अज्ञानी मृत्यु से डरता है, ज्ञानी बार-बार जन्म लेने से। जन्म लिया है तो मृत्यु निश्चित है, विवेक इस बात में है कि जीवन ऐसा जिया जाए कि मृत्यु पछतावे का क्षण न बने। जो अंतिम समय में कहे कि अब धर्म करूंगा, अब संयम अपनाऊंगा, उसकी स्थिति उस विद्यार्थी जैसी है जो वर्षभर न पढ़े और परीक्षा के अंतिम घंटे में पूरी तैयारी करना चाहे।
आगमिक दृष्टि से ‘बाल-मरण’ और ‘पंडित-मरण’ का अंतर स्पष्ट करते हुए युवाचार्यश्री ने कहा कि यहां ‘बाल’ का अर्थ केवल कम आयु नहीं, बल्कि अविरति और अज्ञान की स्थिति है। जिसने व्रत, संयम और विरति को जीवन में स्थान दिया, वह ‘पंडित’ की दिशा में बढ़ता है। मृत्यु का भय जीवन की तैयारी से कम होता है, केवल मृत्यु की चर्चा से नहीं।
उन्होंने कहा कि आत्महत्या समाधान नहीं, बल्कि भ्रम और आवेग में लिया गया कदम है। आगम ने ऐसे मरण को बाल-मरण की श्रेणी में रखा है। जीवन की कठिनाई से भागना कर्म और पीड़ा से मुक्ति नहीं देता। साधना का मार्ग कठिन परिस्थिति में भी धैर्य, विवेक और संयम बनाए रखने की शिक्षा देता है।
युवाचार्यश्री ने कहा कि परलोक है या नहीं इस संशय से पहले मनुष्य यह देखे कि शुभ और संयमित जीवन जीने में हानि क्या है। यदि परलोक न भी हो तो सदाचार से वर्तमान सुधरता है, और यदि कर्म-सिद्धांत सत्य है तो वही पुरुषार्थ आगे भी रक्षा करता है। इसलिए अशुभ से बचना किसी भय का नहीं, विवेक का निर्णय है।
छठे अध्ययन में निर्ग्रंथ जीवन का विवेचन करते हुए उन्होंने कहा कि संबंध निभाना आवश्यक है, लेकिन उनसे ऐसी अपेक्षा बांध लेना कि वे हमारे कर्मों का फल भी बांट लेंगे, भ्रम है। परिवार इलाज करा सकता है, लेकिन दर्द अपने हिस्से का स्वयं ही सहना पड़ता है। आयुष्य की डोर टूट जाए तो कोई दूसरा उसे जोड़ नहीं सकता।
अहिंसा का मर्म समझाते हुए युवाचार्यश्री ने कहा कि प्रत्येक जीव को अपना जीवन प्रिय है। इसलिए किसी के भीतर भय पैदा न करना और वैर का कारण न बनना अहिंसा का ऊंचा स्वरूप है। हिंसा केवल प्राण लेने में नहीं, उसके पीछे के कठोर भाव में भी छिपी होती है। जहां हमारे कारण किसी जीव के भीतर भय और वैर दोनों समाप्त हों, वहीं अहिंसा की वास्तविक दिशा शुरू होती है।
उन्होंने कहा कि निर्ग्रंथ जीवन का अर्थ केवल बाहरी त्याग नहीं, बल्कि आसक्ति, अपेक्षा, भय और वैर के बंधनों को भीतर से हल्का करना है। जीवन को सहज, मर्यादित और जागरूक बनाना ही साधना का उद्देश्य है।
युवाचार्यश्री ने कहा कि उत्तराध्ययन सूत्र मृत्यु की चर्चा मनुष्य को डराने के लिए नहीं, बल्कि उसे जगाने के लिए करता है। मृत्यु निश्चित है, समय अनिश्चित है, इसलिए जीवन को टालते हुए नहीं, जागते हुए जीना ही धर्म की शुरुआत है।
चातुर्मास संयोजक कंवरलाल सूरिया एवं मदनलाल चौरड़िया ने बताया कि धर्मसभा से पूर्व युवाचार्यश्री के सान्निध्य में हितमितभाषी हितेन्द्र ऋषिजी, यशोदीप्ति मधुकंवरजी, उपप्रवर्तिनी दिव्यज्योतिजी, महासती सुचेताजी, प्रियुदर्शनाजी सहित संत-साध्वीवृंद ने श्रीमद् उत्तराध्ययन सूत्र का सामूहिक स्वाध्याय कराया। स्वाध्याय में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं जुड़े। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने युवाचार्यश्री के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-An exposition of the fourth through sixth chapters of the Shrimad Uttaradhyayana Sutra
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: exposition, fourth through sixth, chapters, shrimad uttaradhyayana, sutra, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, bhilwara news, bhilwara news in hindi, real time bhilwara city news, real time news, bhilwara news khas khabar, bhilwara news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved