• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं : राव नरेंद्र सिंह

Compromising the future of the youth is unacceptable at any cost: Rao Narendra Singh - Kurukshetra News in Hindi

कुरुक्षेत्र। हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कुरुक्षेत्र की कार्यकारिणी एवं जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करने के साथ-साथ छात्रों के अधिकारों और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन को और प्रभावी बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त कुरुक्षेत्र के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, दमनात्मक कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली में व्याप्त अनियमितताओं पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई। हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि देशभर के छात्र और युवा अपने भविष्य, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया तथा सम्मानजनक अवसरों की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी बात सुनने के बजाय दमन और बल प्रयोग का रास्ता अपना रही है। यह केवल छात्रों पर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान द्वारा प्रदत्त शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार पर सीधा हमला है।
उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, प्रशासनिक विफलताओं और सरकार के अनुत्तरदायी रवैये ने करोड़ों युवाओं के भविष्य को अनिश्चितता के अंधकार में धकेल दिया है। सरकार का दायित्व युवाओं की समस्याओं का समाधान करना है, न कि उनकी आवाज़ को दबाना।
संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 21 जुलाई को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रधानमंत्री आवास के समक्ष शांतिपूर्ण धरना दे रहे कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत तथा केंद्र सरकार की असहिष्णु मानसिकता का स्पष्ट प्रमाण है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि आज देश का युवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा एवं भर्ती व्यवस्था की मांग कर रहा है। बार-बार होने वाली परीक्षा संबंधी अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार हो रही देरी ने लाखों प्रतिभाशाली युवाओं का विश्वास तोड़ा है। कांग्रेस युवाओं के न्याय, अधिकार और सम्मान की इस लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने में नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें। इसके अलावा परीक्षा और भर्ती से जुड़े गंभीर मुद्दों पर संसद में व्यापक एवं सार्थक चर्चा कराई जाए तथा नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान छात्रों के विरुद्ध दर्ज सभी एफआईआर तत्काल वापस लेकर उनके खिलाफ की गई दमनात्मक कार्रवाई समाप्त की जाए।
राव नरेंद्र सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि महामहिम राष्ट्रपति देश के युवाओं की लोकतांत्रिक भावनाओं, संवैधानिक अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए इस विषय में आवश्यक हस्तक्षेप करेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं की न्यायोचित मांगों के समर्थन में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपना संघर्ष आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगी।
इस अवसर पर विधायक अशोक अरोड़ा, विधायक रामकरण काला, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मेवा सिंह तथा पूर्व सांसद कैलाशो सैनी सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Compromising the future of the youth is unacceptable at any cost: Rao Narendra Singh
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: rao narender singh, haryana congress, kurukshetra, sanjay dutt congress, student protest, paper leak, neet issue, recruitment transparency, congress memorandum, president droupadi murmu, dharmendra pradhan, rahul gandhi, mallikarjun kharge, haryana politics, youth rights, kurukshetra news, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, kurukshetra news, kurukshetra news in hindi, real time kurukshetra city news, real time news, kurukshetra news khas khabar, kurukshetra news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

हरियाणा से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved