• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

कड़ाके की ठंड में इंसाफ की लड़ाई : नारनौंद नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं रातभर धरने पर डटी रहीं

Fighting for Justice in the Bitter Cold: Narnaund Nursing College Students Stage Overnight Protest - Hisar News in Hindi

नारनौंद (हिसार)। एक ओर सर्द हवाएं, घना कोहरा और गिरता तापमान… दूसरी ओर न्याय की उम्मीद में खुले आसमान के नीचे बैठी छात्राएं। नारनौंद के कागसर गांव स्थित खुशी नर्सिंग कॉलेज में शुक्रवार रात ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला, जब छात्राएं कड़ाके की ठंड के बीच पूरी रात धरने पर डटी रहीं। रातभर गिरती ओस, ठिठुरन और खुले खेतों से आती सर्द हवा भी उनके हौसले नहीं डिगा सकी। तिरपाल और गर्म कपड़ों के सहारे छात्राएं कॉलेज गेट पर बैठी रहीं और साफ कहा— अब सिर्फ आश्वासन नहीं, कार्रवाई चाहिए। 50 से ज्यादा शिकायतें, फिर भी कार्रवाई शून्य
छात्राओं का आरोप है कि बीते एक महीने से वे प्रशासन, पुलिस, महिला आयोग और अन्य विभागों के चक्कर काट रही हैं। अब तक 50 से अधिक बार शिकायतें दर्ज करवाई जा चुकी हैं, लेकिन नतीजा सिफर रहा। उनका कहना है कि हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, समाधान नहीं।
कोहरे में पहुंचा प्रशासन, पर बात नहीं बनी
घने कोहरे के बीच शुक्रवार देर रात एसडीएम और डीएसपी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने सोमवार तक समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन छात्राओं ने लिखित भरोसा मांगा। लिखित आश्वासन न मिलने पर छात्राओं ने धरना खत्म करने से इनकार कर दिया।
ठंड बढ़ने के बावजूद छात्राएं डटी रहीं और साफ कहा कि अब वे आधे-अधूरे वादों पर भरोसा नहीं करेंगी।
गिरफ्तारी और माइग्रेशन की मांग
छात्राओं की मुख्य मांग कॉलेज संचालक की गिरफ्तारी और सभी छात्राओं का किसी मान्यता प्राप्त नर्सिंग कॉलेज में माइग्रेशन है। उनका कहना है कि उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया तक शिकायतें पहुंचाई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
गंभीर आरोप: पढ़ाई से लेकर सुरक्षा तक सवालों के घेरे में
छात्राओं का आरोप है कि—
नर्सिंग कोर्स की अनिवार्य अस्पताल ड्यूटी नहीं करवाई गई
करीब 300 छात्राओं पर सिर्फ 2 अध्यापिकाएं हैं
खाने में कीड़े मिलते हैं
बिजली, चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था बेहद खराब है
आवाज उठाने पर एडमिशन रद्द करने और दस्तावेज रोकने की धमकी दी जाती है
ठंड में तपती आवाजें
शनिवार सुबह भी नारनौंद में ठंड और कोहरा बना रहा। अलाव, गर्म कपड़े और शॉल ओढ़े छात्राएं प्रशासन से इंसाफ की आस लगाए बैठी रहीं। उनका कहना है कि जब तक कार्रवाई नहीं होती, वे पीछे हटने वाली नहीं हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Fighting for Justice in the Bitter Cold: Narnaund Nursing College Students Stage Overnight Protest
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: fighting for justice, bitter cold, narnaund nursing college, students stage, overnight protest, \r\n, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, hisar news, hisar news in hindi, real time hisar city news, real time news, hisar news khas khabar, hisar news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

हरियाणा से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved