• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

बादशाहपुर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, विशाल सम्मेलन में भाजपा सरकार पर गरजे दिग्गज नेता

Congress staged a show of strength in Badshahpur; senior leaders lashed out at the BJP government at a massive conference - Gurugram News in Hindi

खास खबर। चंडीगढ़ जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से रविवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बादशाहपुर द्वारा वाटिका चौक स्थित औरम कन्वेंशन सेंटर में विशाल ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पहुंचे शीर्ष नेताओं का बादशाहपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक उल्लावास, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हरियाणा कभी विकास, कृषि, खेल और वीरता के लिए देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता था, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। जिस हरियाणा का युवा देश की सीमाओं पर दुश्मनों के दांत खट्टे करता है, वही युवा आज रोजगार के लिए भटकने को मजबूर है। किसान महंगाई और बढ़ती लागत से परेशान है तथा मजदूर, युवा और छोटा व्यापारी खुद को असहाय महसूस कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से जुड़ी घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR का विरोध करते हुए संजय दत्त ने कहा कि “राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन विपक्ष की आवाज को मुकदमों के जरिए दबाना लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है।”
उन्होंने मामला वापस लेने की मांग करते हुए कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के संदेश और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मौजूदा सरकार के कुशासन के कारण हरियाणा विकास के कई मानकों पर पिछड़ा है। प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है और कानून-व्यवस्था को लेकर आम जनता में चिंता बढ़ी है। उन्होंने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) की व्यवस्था की आलोचना करते हुए संविदा कर्मचारियों को नियमित करने, समान काम के लिए समान वेतन देने और भविष्य में नियमित भर्तियों को प्राथमिकता देने की मांग की।
राव नरेंद्र सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर भाजपा के वादों और जमीनी हकीकत के अंतर को उजागर करें। उन्होंने कहा, “कांग्रेस केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने वाली पार्टी नहीं है। हमें जनता के सुख-दुख का भागीदार बनकर उसके अधिकारों की लड़ाई हर दिन लड़नी है।” कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने विशेष रूप से गुरुग्राम और बादशाहपुर क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि देश-दुनिया में मिलेनियम सिटी और कॉरपोरेट हब के रूप में पहचान रखने वाला गुरुग्राम आज जलभराव, ट्रैफिक जाम, टूटी सड़कों और बदहाल ड्रेनेज व्यवस्था से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश होते ही कई इलाकों में ड्रेनेज व्यवस्था जवाब दे जाती है और लोगों को घंटों जाम व जलभराव का सामना करना पड़ता है। लंबे समय तक विभिन्न स्तरों पर भाजपा की सत्ता रहने के बावजूद गुरुग्राम के नागरिक बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, “भाजपा सरकार का विकास विज्ञापनों और दावों में ज्यादा दिखाई देता है, जमीन पर कम। गुरुग्राम देश के प्रमुख आर्थिक केंद्रों में है, लेकिन यहां के नागरिक आज भी बेहतर सड़क, ड्रेनेज और सुचारु यातायात जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं।”
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निशित कटारिया, गुरुग्राम शहरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज डावर, गुरुग्राम ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक उल्लावास, मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा, नीरज यादव, सुनीता सहरावत, महिला जिला अध्यक्ष पूजा शर्मा, पीसीसी सदस्य पंकज भारद्वाज, कुलदीप गुर्जर, पार्षद सतपाल दौलताबाद, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Congress staged a show of strength in Badshahpur; senior leaders lashed out at the BJP government at a massive conference
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: badshahpur block congress convention, aurum convention center gurugram, haryana congress grassroots strengthening, rao narender singh, sanjay dutt congress, booth level congress organization, vatika chowk gurugram congress, haryana politics news, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, gurugram news, gurugram news in hindi, real time gurugram city news, real time news, gurugram news khas khabar, gurugram news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

हरियाणा से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved