• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

वर्तमान सरकार के लगभग 10 साल का कार्यकाल पिछली सरकारों के 48 वर्षों पर पड़ा रहा है भारी : नायब सिंह

The tenure of about 10 years of the present government has outweighed the 48 years of the previous governments: Naib Singh - Chandigarh News in Hindi

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि पिछले लगभग 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने एक ऐसी व्यवस्था कायम की है, जिसमें हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया गया है और प्रदेश के विकास को नये आयाम दिये हैं। वर्तमान सरकार के लगभग 10 साल का कार्यकाल पिछली सरकारों के 48 वर्षों पर भारी पड़ा है। जितने विकास के कार्य इस सरकार के कार्यकाल में हुए हैं, उतने पहले कभी नहीं हुए। मुख्यमंत्री आज जिला पानीपत में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 227 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 32 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इनमें 36 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत की 19 परियोजनाओं का उद्घाटन और लगभग 191 करोड़ रुपये की लागत की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने पानीपत शहरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों हेतु 10 करोड़ रुपये और पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लिए भी 10 करोड़ रुपये की राशि मंजूरी करने की घोषणा की।
मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर के बलबूते हरियाणा अपनी आर्थिक विकास दर 8 प्रतिशत वार्षिक बनाए हुए

नायब सिंह ने कहा कि इन्फ्रास्ट्रक्चर किसी भी देश व प्रदेश के भौतिक विकास का पैमाना माना जाता है। यही नहीं मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर वहां रहने वाले लोगों के जीवन.स्तर को ऊपर उठाने की पहली शर्त भी है। यह उद्योग और निवेश को आकर्षित कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देता है। हरियाणा प्रदेश अपने मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर के बलबूते ही अपनी आर्थिक विकास दर 8 प्रतिशत वार्षिक बनाए हुए है, जबकि देश की औसत आर्थिक विकास दर 6.7 प्रतिशत है।
पूर्व की सरकारों में विकास और जनकल्याण की योजनाओं में होता था भेदभाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हमने वर्ष 2014 में प्रदेश की जनसेवा का दायित्व ग्रहण किया था तो हमारे सामने कई चुनौतियां थीं। हमें विरासत में जर्जर अर्थव्यवस्था मिली, सहकारी ढांचा तहस-नहस था, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम घाटे में चल रहे थे। विकास और नौकरियों में क्षेत्रवाद और भाई-भतीजावाद का बोलबाला था। पूर्व की सरकारों में विकास और जनकल्याण की योजनाओं में बड़ा भेदभाव होता था। एक ही क्षेत्र का विकास होता था, बाकि प्रदेश की अनदेखी की जाती थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सबका साथ-सबका विकास-सबका प्रयास-सबका विश्वास और पंडित दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन पर चलते हुए प्रदेश में विकास की गति को बढ़ाकर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है। इसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमने हरियाणा के प्रत्येक व्यक्ति को अपना माना है और हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया है। हर क्षेत्र का समान विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गरीब लोगों को प्लॉट देने का वायदा किया था। उन्होंने प्लॉट तो दिखाए, लेकिन न तो कोई कागज दिए और न ही प्लॉटों का कब्जा दिया। पात्र लोग दर-दर भटक रहे थे। हमारी सरकार ने उनकी पीड़ा को समझा और ऐसे सभी पात्र लोगों को 100-100 गज के प्लॉट का कब्जा दिया। इसके अलावा, जहां जमीन उपलब्ध नहीं थी, वहां प्लॉट खरीदने के लिए पात्र लोगों के खातों में 1-1 लाख रुपये की राशि डालने का प्रावधान किया गया।
उन्होंने कहा कि गत 30 जून को प्रदेश के 75 हजार नए लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन जारी की थी। उसी दिन डॉ. बी. आर. अम्बेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत 2,000 लाभार्थियों को मकान मरम्मत के लिए सहायता राशि जारी की गई। इसके अलावा, राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत लगभग 15 हजार परिवारों को 30-30 वर्ग गज के प्लाट भी देने का काम किया है।

प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत 1 लाख घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य

नायब सिंह ने कहा कि अयोध्या में सूर्यवंशी रामलला के पावन मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संकल्प लिया था कि भारतवासियों के घर की छत पर उनका अपना सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करेंगे। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना शुरू की। हमने इस योजना को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा सरकार की ओर से अतिरिक्त अनुदान देकर गरीबों के 1 लाख घरों की छतों पर मुफ्त में सोलर सिस्टम लगवाने का निर्णय किया है। इस योजना में 60 हजार रुपये की राशि केंद्र सरकार की ओर से तथा 50 हजार रुपये की राशि हरियाणा सरकार की ओर से दी जाएगी। इसके अलावा, हरियाणा सरकार ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बिजली का मासिक न्यूनतम चार्ज समाप्त कर दिया है। अब बिजली की जितनी यूनिट की खपत होगी, उतना ही बिल लिया जाएगा। इससे प्रदेश के 9 लाख 50 हजार गरीब परिवारों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ग्राम विकास में तेजी लाने के लिए पंचायतों को कई नई शक्तियां दी हैं। अब सरपंच बिना टेंडर के 21 लाख रुपये तक की लागत के विकास कार्य करवा सकेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई सोच, नये विजन और कठोर परिश्रम से हरियाणा के विकास को एक नई दिशा और गति दे रही है ताकि समाज का हर वर्ग खुशहाल हो और हरियाणा विकास की नई बुलंदियों को छुए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार हो रहे विकास कार्य – सुभाष सुधा
इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्वमें प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। आज भी क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गांवों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ड्रेनों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गति लाने के लिए सरकार ने निर्णय किया है कि टेंडर लगने के 10 दिन के अंदर यदि कार्य शुरू नहीं होता तो संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि इस प्रकार की कोई शिकायत मिलेगी, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शहरों के साथ लगते गांवों में ड्रेनेज व्यवस्था को किया जाए सुदृढ़- महीपाल ढांडा

कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत राज्य मंत्री महीपाल ढांडा ने आज पानीपतवासियों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखते हुए कहा कि शहरों के साथ लगते गांवों में ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए।
उन्होंने कहा कि 13-17 सेक्टर को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लिया था, उसका लगभग टेंडर हो गया है। इसके लिए सरकार ने लगभग 37 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की थी। यह हरियाणा का सबसे अच्छा सेक्टर विकसित होगा। इसके लिए भी उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
इन परियोजनाओं की दी सौगात
मुख्यमंत्री ने आज 36.55 करोड़ रुपए की लागत से 19 सड़कों का उद्घाटन किया। इसमें रायपुर-कचरौली सड़क, बुडशाम-नारायणा सड़क, बबैल-पलहेड़ी सड़क, जीटी रोड-अलीसागरपुर सड़क, पट्टीकलियाणा-जीएवी कॉलेज सड़क, जीटी रोड-पसीना कलां सड़क, नामुडा-चुलकाना सड़क, अतौलापुर संपर्क सड़क, डडौला-सिमला गुजरान सड़क, धनसौली-नागलापार सड़क, नयाबांध-बिजावा सड़क, कैत-बुआना लाखू सड़क, नारायणा-गवालड़ा सड़क, भादर संपर्क सड़क, उरलाना खुर्द-डेरा बाजीपुर सड़क, भादर-कालखा सड़क, अलुपुर-अहर सड़क, जवाहरा-परढाना सड़क और कुराना-पलहेड़ी सड़क शामिल हैं।
उन्होंने 12 परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। इनमें 11 करोड़ रुपए की लागत से चुलकाना, समालखा में आईटीआई का निर्माण, 7 करोड़ रुपए की लागत से पानीपत शहर में 24 ट्रांजिट फ्लैटों का निर्माण, 10.78 करोड़ रुपए की लागत से बिंझौल-महराणा सड़क, महराणा-बुडशाम सड़क, बराणा-राणा माजरा सड़क, निमरी-कुराड़ सड़क, गांजबड़-बराना सड़क, बबैल-मोहाली सड़क का शिलान्यास शामिल है। साथ ही, 11.40 करोड़ रुपए की लागत से एससी बस्ती में बुनियादी सुविधाओं का विकास, 44.52 करोड़ रुपए की लागत से पुरानी सब्जी मंडी में इनडोर स्टेडियम का निर्माण, 59.81 करोड़ रुपए की लागत से सेक्टर-12 में ऑडिटोरियम, मल्टीपर्पज हॉल और लाइब्रेरी का निर्माण और 13.51 करोड़ रुपए की लागत से सफीदों-जींद सड़क की क्रॉसिंग पर कैरियर लाइन्ड चैनल के साथ फ्लाईओवर का निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, विधायक प्रमोद विज, पानीपत के उपायुक्त विरेंद्र दहिया सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-The tenure of about 10 years of the present government has outweighed the 48 years of the previous governments: Naib Singh
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: chandigarh, haryana, chief minister naib singh, prime minister narendra modi, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, chandigarh news, chandigarh news in hindi, real time chandigarh city news, real time news, chandigarh news khas khabar, chandigarh news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

हरियाणा से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved