• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

हाथरस हादसे को लेकर राहुल गांधी ने सीएम योगी को लिखी चिट्ठी, की ये मांग

Rahul Gandhi wrote a letter to CM Yogi regarding Hathras accident, made this demand - Delhi News in Hindi

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हाथरस हादसे को लेकर रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने यूपी सरकार से पीड़ित के परिजनों को मुआवजा राशि बढ़ाने और जल्द से जल्द प्रदान करने का आग्रह किया। इसके साथ ही राहुल गांधी ने पत्र के माध्यम से सीएम योगी को पीड़ित परिजनों की समस्याएं भी बताईं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री को लिखे पत्र को भी शेयर करते हुए लिखा, ''हाथरस में भगदड़ हादसे से प्रभावित पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर, उनका दुख महसूस कर और समस्याएं जान कर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र के माध्यम से उनसे अवगत कराया। मुख्यमंत्री से मुआवजे की राशि को बढ़ाकर शोकाकुल परिवारों को जल्द से जल्द प्रदान करने का आग्रह किया। इस दुख की घड़ी में उन्हें हमारी सामूहिक संवेदना और सहायता की आवश्यकता है।'' उन्होंने पत्र में लिखा, ''हाथरस में हुई भगदड़ की दुर्घटना में 120 से अधिक लोगों की मृत्यु के समाचार से स्तब्ध हूं। हृदय में पीड़ा के साथ आपको यह पत्र लिख रहा हूं और यह जानता हूं कि आप भी यही पीड़ा महसूस कर रहे होंगे। कल सुबह जनपद अलीगढ़ और हाथरस के कई पीड़ित परिवारों से मैंने मुलाकात की और उनका दर्द साझा करने की कोशिश की। हादसा इतना दुखद है कि परिजनों से मिलते समय मेरे पास सांत्वना के शब्द भी कम पड़ गए। अनेक परिवारों ने इस दुर्घटना में अपना जो कुछ भी खोया है, उसकी पूर्ति तो किसी भी प्रकार से सम्भव नहीं है परंतु प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता करके हम उनका दुख कम करने का प्रयास अवश्य कर सकते हैं।''
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आगे लिखा, ''उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जो मुआवजा घोषित किया गया है, वह बहुत अपर्याप्त है। मेरा आग्रह है कि मुआवजे की राशि बढ़ाई जाए और उसे जल्द से जल्द दिया जाए। साथ ही घायलों का समुचित इलाज कराया जाए और उन्हें भी उचित मुआवजा दिया जाए। पीड़ित परिवारों ने मुझसे यह भी साझा किया कि इस पूरे हादसे के लिए जिम्मेदार वहां के स्थानीय प्रशासन की लापरवाही और संवेदनहीनता है। इस मामले में उचित एवं पारदर्शी जांच न सिर्फ आने वाले समय में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने की तरफ एक सही कदम होगा, बल्कि इससे इन पीड़ित परिवारों के मन में न्याय-व्यवस्था के प्रति विश्वास भी पुनर्स्थापित होगा। न्याय की दृष्टि से यह भी आवश्यक है कि दोषी व्यक्तियों को कठोर सजा दी जाए। दुख की इस घड़ी में हम सभी की ज़िम्मेदारी है कि पीड़ित परिवारों का साथ दें। इस मामले में आपके हर संभव सहयोग के लिए कांग्रेस पार्टी के समस्त कार्यकर्ता एवं मैं स्वयं उपलब्ध हूं। उम्मीद है इस पूरे मामले की गंभीरता देखते हुए, आप सहायता के संदर्भ में किए जाने वाले कार्यों को विशेष प्राथमिकता प्रदान करेंगे।''
बता दें कि 2 जुलाई को हाथरस में सत्संग के दौरान भगदड़ मचने से 121 लोगों की जान चली गई थी, वहीं कई लोग घायल भी हो गए थे। हाथरस हादसे के बाद से ही सूरजपाल उर्फ नारायण साकार हरि फरार है। जबकि पुलिस ने इस हादसे के मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर को गिरफ्तार कर लिया है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Rahul Gandhi wrote a letter to CM Yogi regarding Hathras accident, made this demand
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: new delhi, congress mp, rahul gandhi, hathras accident, uttar pradesh, chief minister yogi adityanath, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, delhi news, delhi news in hindi, real time delhi city news, real time news, delhi news khas khabar, delhi news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved