• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

अंकिता भंडारी केस : इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे माता-पिता को दिल्ली पुलिस ने लिया हिरासत में, बाद में रिहा, दुष्यंत गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति का कर रहे विरोध

Ankita Bhandari Case India Gate Protest, Ankita Bhandari Parents Detained Delhi Police, - Delhi News in Hindi

नई दिल्ली। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के इंडिया गेट पर रातभर प्रदर्शन कर रहे अंकिता के माता-पिता को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कुछ समय तक हिरासत में रखने के बाद सुबह लगभग 5 बजे उन्हें छोड़ दिया गया। अंकिता के परिजनों की मुख्य मांग है कि मामले की सीबीआई जांच पूरी होने तक भारतीय जनता पार्टी के नेता दुष्यंत कुमार गौतम की सिक्किम के राज्यपाल के रूप में की गई नियुक्ति को तुरंत रद्द किया जाए। दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने की मांग, भूख हड़ताल की चेतावनी केंद्र सरकार ने 12 अक्टूबर को भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया था। अंकिता के परिजनों का आरोप है कि हत्याकांड से जुड़े कथित 'वीआईपी' विवाद में उनका नाम सामने आने के बावजूद उन्हें संवैधानिक पद से नवाजा गया है। रिहाई के बाद अंकिता भंडारी की मां ने तीखे तेवर अपनाते हुए कहा-अनिश्चितकालीन आंदोलन: "हम पीछे नहीं हटेंगे। अगर हमें सड़कों पर नहीं बैठने दिया गया, तो हम अपने घर पर ही भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।"
सरकार को चेतावनी: "सरकार को दुष्यंत गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति निरस्त करनी ही होगी। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो पूरे देश की जनता सड़कों पर उतरेगी और इसकी पूरी जवाबदेही केंद्र सरकार की होगी।"
इससे पहले, बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी अंकिता के माता-पिता से मुलाकात कर उनके प्रति एकजुटता जताई थी।
कांग्रेस का सरकार पर तीखा हमला अंकिता के परिजनों को अलसुबह हिरासत में लिए जाने पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे 'बेबस माता-पिता पर बेरहम कार्रवाई' करार दिया। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "जो माता-पिता चार साल से अपनी बेटी के लिए न्याय मांग रहे हैं, उनके साथ ऐसा बर्ताव किया जा रहा है। न्याय दिलाने के बजाय जिस व्यक्ति पर गंभीर आरोप हैं, उसे राज्यपाल बनाया जा रहा है और सुबह अंधेरे में आकर परिजनों को पुलिस उठा रही है।"
दुष्यंत गौतम का पक्ष: 'साजिश के तहत घसीटा गया नाम' वहीं, दुष्यंत कुमार गौतम ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। इस मामले में उन्होंने देहरादून के डालनवाला थाने में पहले ही एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर समेत अन्य पर सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र रचने और उनकी छवि धूमिल करने का आरोप लगाया था। गौतम का कहना है कि पुलिस जांच, दाखिल चार्जशीट और अदालती ट्रायल में कहीं भी उनका नाम शामिल नहीं है और राजनीतिक द्वेष के चलते उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
मामले में तीन मुख्य दोषियों को हो चुकी है उम्रकैद सितंबर 2022 में पौड़ी गढ़वाल के गंगा-भोगपुर स्थित वनंतरा रिजॉर्ट की रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अदालत ने मुख्य आरोपी पुलकित आर्य, अंकित गुप्ता और सौरभ भास्कर को मई 2025 में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जो वर्तमान में जेल में सजा काट रहे हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी जांच की निष्पक्षता को निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक ने सही ठहराया है। इसके साथ ही एसआईटी के पूर्व सदस्य शेखर सुयाल ने भी यह बयान दिया था कि रिजॉर्ट में आने-जाने वाले सभी लोगों की गहन पड़ताल के बाद किसी भी कथित 'वीआईपी' की संलिप्तता का कोई साक्ष्य नहीं मिला था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Ankita Bhandari Case India Gate Protest, Ankita Bhandari Parents Detained Delhi Police,
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: ankita bhandari case india gate protest, ankita bhandari parents detained delhi police, dushyant kumar gautam sikkim governor, pulkit arya conviction vanantara resort, supriya shrinate congress statement, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, delhi news, delhi news in hindi, real time delhi city news, real time news, delhi news khas khabar, delhi news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved