• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

पश्चिम एशिया संघर्ष में 23 भारतीयों की मौत, विदेश मंत्रालय ने नाविकों की सुरक्षा पर जताई चिंता

23 Indians Dead in West Asia Conflict; Ministry of External Affairs Expresses Concern Over Safety of Seafarers - Delhi News in Hindi

नई दिल्ली। नई दिल्ली में मंगलवार को एक साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जारी संघर्षों के बीच भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर च‍िंंता जताई। उन्‍होंने बताया क‍ि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के दौरान अब तक 23 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें 15 भारतीय नाविक (सीफेयरर्स) शामिल हैं। वहीं, ब्लैक सी (काला सागर) क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर हुए हमलों में पांच भारतीय नागरिकों की जान गई है। जायसवाल ने बताया कि सोमवार को एक जहाज पर हुए हमले में, जिसमें 14 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे, एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। उन्होंने दो नवंबर को जहाज पर हुए हमले के बाद 13 भारतीयों को सुरक्षित बचाने के लिए ओमान की सरकार का धन्यवाद भी किया। पश्चिम एशिया में मारे गए भारतीयों की संख्या के बारे में जायसवाल ने कहा, "पिछली बार मैंने बताया था कि इस संघर्ष में 22 भारतीय नागरिकों की मौत हुई थी। इनमें 14 भारतीय नाविक थे। अब कल एक और भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। इसका मतलब है कि अब तक इस संघर्ष में 23 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है, जिनमें 15 भारतीय नाविक शामिल हैं।"
उन्होंने कहा कि बचाए गए 13 भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द भारत वापस लाने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही, ओमान के तट के पास जहाज पर हुए हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक के पार्थिव शरीर को भी भारत लाने की व्यवस्था की जा रही है।
जायसवाल ने कहा, "कल एक भारतीय जहाज पर हमला हुआ था। हमने इस बारे में बयान जारी किया है। जहाज पर 14 भारतीय चालक दल के सदस्य थे। दुर्भाग्य से उनमें से एक की मौत हो गई। अब हम यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि बाकी 13 भारतीय नागरिक सुरक्षित रूप से भारत लौट सकें। साथ ही हम यह भी देख रहे हैं कि मृत भारतीय नागरिक के पार्थिव शरीर को कब और कैसे भारत लाया जाए।"
उन्होंने एक बार फिर क्षेत्र में जल्द शांति बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति का सहारा लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि‍ हम ओमान की सरकार का धन्यवाद करते हैं, जिसने तेजी से कार्रवाई करते हुए जहाज पर हुए हमले के बाद 13 भारतीय नागरिकों को बचा लिया। हम एक बार फिर सभी पक्षों से अपील करते हैं कि बातचीत और कूटनीति के रास्ते को आगे बढ़ाया जाए ताकि क्षेत्र में जल्द शांति लौट सके। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर जहाजों की आवाजाही की स्वतंत्रता को बहाल और सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
ब्लैक सी क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर हुए हमलों के बारे में पूछे जाने पर जायसवाल ने बताया कि‍ वहां अब तक पांच भारतीय नागरिकों की मौत हुई है और दो भारतीय अभी भी लापता हैं।
इससे पहले मंगलवार को भारत ने ओमान के लीमाह क्षेत्र के पास व्यावसायिक जहाज 'एमएसवी अल जुसुफी' पर हुए हमले की कड़ी निंदा की थी। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी। भारत ने साथ ही क्षेत्र में तनाव कम करने की अपील भी दोहराई।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि‍ हम कल शाम ओमान के लीमाह के पास व्यावसायिक जहाज 'एमएसवी अल जुसुफी' पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर सवार 14 भारतीयों में से 13 को बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय नागरिक की चोटों के कारण दुखद मृत्यु हो गई। हम इस अपूरणीय क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। ओमान स्थित भारतीय दूतावास हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और बचाए गए भारतीय नागरिकों तथा मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए ओमान की सरकार के साथ समन्वय कर रहा है।
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों पर चिंता जताई और तनाव को तुरंत कम करने तथा कूटनीतिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को जल्द पूरा करने की अपील की।
मंत्रालय ने कहा, "क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। हम एक बार फिर तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए चल रही वार्ताओं को जल्द पूरा करने की अपील करते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता वापस आ सके। व्यावसायिक जहाजों और आम नागरिकों से जुड़े ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप समुद्री मार्गों पर बिना किसी रुकावट के आवाजाही और व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।"
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-23 Indians Dead in West Asia Conflict; Ministry of External Affairs Expresses Concern Over Safety of Seafarers
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: west asia conflict, indian seafarers, 23 indian deaths, ministry of external affairs, randhir jaiswal, oman ship attack, msv al jusufi, black sea, indian nationals, maritime security, shipping routes, oman government, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, delhi news, delhi news in hindi, real time delhi city news, real time news, delhi news khas khabar, delhi news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved