हैदराबाद, 8 सितंबर। अपनी ही कंपनी में हेराफेरी करने वाले सत्यम कम्प्यूटर सर्विसेज के संस्थापक बी. रामालिंगा राजू को सोमवार रात दिल का दौरा पडने की वजह से अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अस्पताल सूत्रों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। धोखाधडी के आरोप में जेल में बंद राजू को सोमवार रात दिल का दौरा पडने के बाद स्थानीय निजाम चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एनआईएमएस) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक राजू को गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रखा गया है और उनकी हालत स्थिर है। राजू का पहले से ही हेपेटाइटिस का इलाज चल रहा है। धोखाधडी के आरोप में वह गत 7 जनवरी से न्यायिक हिरासत में हैं।