खास है यह कार,पूरी दुनिया में मिलेंगी केवल 250

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 26 अगस्त 2017, 8:18 PM (IST)

लैम्बॉर्गिनी ने अपनी पाॅपुलर सुपरकार हुराकेन का लिमिटेड एडिशन लॉन्च कर दिया है। इस कार का नाम है हुराकेन एवियो, जो हुराकेन का ही एक नया अवतार है। एवियो की दुनियाभर में सिर्फ 250 यूनिट ही तैयार की जाएंगी। एडवांस बुकिंग पर ही यह कार उपलब्ध होगी।

डिजायन

डिजायन के मामले में यह स्टैंडर्ड हुराकेन जैसी है। इसकी पीछे वाली डिजायन तो ऐसी है कि देखते ही मन को छू जाए। और बटर फ्लाई शेप डोर तो ऐसे हैं कि एक बार देखते ही मन को भा जाएं। इसमें ग्रे कलर के तीन शेड, मैट ब्लू और मैट ग्रीन सहित पांच नए कलर के आॅप्शन मिलेंगे। इस कार को और स्पोर्टी लुक देने के लिए बोनट व साइड पार्ट में रेसिंग पट्टी दी गई है। बंपर, स्कर्टिंग और बॉडी में नीचे की तरफ कंट्रास्ट कलर ट्रीटमेंट दिया गया है। दरवाजों पर L63 की बैजिंग दी गई है जो 1963 में लैम्बॉर्गिनी की स्थापना को दर्शाती है।

केबिन

एवियो के केबिन में कोई बदलाव नहीं हुआ है। स्टैंडर्ड हुराकेन की तरह इसका केबिन भी फाइटर जेट जैसा अहसास देता है। इसे एविएशन थीम पर तैयार किया गया है। दरवाजों की तरह ही इसकी सीटों पर L63 की बैजिंग दी गई है। केबिन में अलकंतारा और कार्बन-फाइबर लैदर का इस्तेमाल हुआ है। इसके इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर पर 12.3 इंच की TFT LED स्क्रीन दी गई है जो नेविगेशन के साथ है। इसके अलावा इसमें ड्राइव मोड और स्टार्ट-स्टॉप बटन जैसे फीचर्स भी यहां देखने को मिलेंगे।

इंजन

इस स्पीड मशीन में 5.2 लीटर का V10 पेट्रोल इंजन लगा है जो 610PS की पावर और 560Nm टाॅर्क जनरेट करता है। यह एक आॅल व्हील ड्राइव सेटअप वाली स्पोर्ट्सकार है, यानि पावर डिलिवरी चारों व्हील्स पर होगी। इस कार 0-100 किमी की स्पीड पार करने में केवल 3.2 सैकेंड और 200 की स्पीड पार करने में केवल 10 सैकेंड से भी कम समय लगता है। इस मशीन को 7 स्पीड ड्यूल क्लच गियरबाॅक्स से जोड़ा गया है। इसका माइलेज 8 किलोमीटर प्रति लीटर का है। इन आंकड़ों के मुताबिक यह कार 12.5 लीटर में 100 किलोमीटर की दूरी तय कर पाने में सक्षम है।

कीमत

लैम्बाॅर्गिनी हुराकेन एवियो की कीमत 3.71 लाख करोड़ रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी गई है। यह दाम रेग्युलर हुराकेन से केवल 20 लाख रूपए ज्यादा है। आपको फिर से याद दिला दें कि इस स्पेशल एडिशन के केवल 250 कारें ही दुनियाभर में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी।