आज फ्रांस से होगा सौदा, राफेल से चीन को जवाब देगा भारत

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 23 सितम्बर 2016, 11:15 AM (IST)

नई दिल्ली। राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए आज भारत और फ्रांस के बीच करार होगा। इससे पहले 14 विमानों का सौदा हुआ था, लेकिन अब भारत 36 विमान लेने वाला है। आज इन दोनों देशों के बीच हस्ताक्षर होगा। जब खरीदारी के लिए टेंडर निकाला गया था, तो कुल 6 कंपनियों के विमान थे। उस समय एयरफोर्स ने राफेल को सबसे बेहतर पाया। लेकिन विमानों की संख्या भारत के लिए काफी नहीं है।

विमानों की खरीद यूपीए सरकार ने 2010 में शुरू की थी। वर्ष 2012 से लेकर 2015 तक इसे लेकर बातचीत चलती रही। उस समय 126 विमानों की बात चल रही थी, तब यह सौदा हुआ था कि 18 विमान भारत खरीदेगा और 108 विमान बंगलौर के हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड में एसेंबल होने थे। लेकिन यह सौदा पक्का नहीं हो पाया।

इसके लिए पिछले साल मोदी सरकार ने पेरिस में यह घोषणा की कि हम 126 विमानों के सौदे को रद्द कर रहे हैं और इसके बदले 36 विमान सीधे फ्रांस से खरीद रहे हैं। राफेल विमान परमाणु मिसाइल डिलीवर करने में सक्षम होता है। यह खूबी हर विमान में नहीं होती। इसमें सबसे आधुनिक हथियारों के इस्तेमाल करने की क्षमता है।