पानी के बिना सूख रही फसल, किसानों में आक्रोश

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 23 सितम्बर 2016, 08:10 AM (IST)

श्रीगंगानगर। आरबी नहर में सिंचाई के लिए पानी के संकट और अनियमित आपूर्ति से आक्रोशित किसानों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ धरना शुरू करके आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। सिंचाई जल की क्षतिपूर्ति के आश्वासन के बिना किसानों ने धरने से उठने से इनकार कर दिया है। पदमपुर में फकीरावाली हैड पर रात से जारी किसानों का विरोध प्रदर्शन धरने में बदल गया। आक्रोशित किसानों ने अब धरना जारी रखकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसानों ने सिंचाई विभाग पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नहरी पानी के अभाव में खरीफ की फसल खेतों में खड़ी झुलस रही है।

उत्पादन होगा प्रभावित

ऐसे में अगर जल्दी सिंचाई के लिए पानी नहीं मिला तो फसल जल जाएगी और उत्पादन प्रभावित होगा। किसान पहले से ही आर्थिक तंगी से गुजर रहे हंै, ऐसे में अगर फसलों में सही समय पर पानी नहीं दिया गया तो यह फसल भी बर्बाद हो जाएगी। किसान नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर किसानों को पानी नहीं मिला तो धरना जारी रखते हुए आंदोलन को तेज किया जाएगा।