अंदर आमसभा में घमासान, बाहर पशुओं को लेकर पहुंचे कांग्रेसियों का प्रदर्शन

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 22 सितम्बर 2016, 5:47 PM (IST)

बीकानेर। छह माह के लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को हुई नगर निगम बीकानेर की आमसभा में घमासान मचा रहा। पुलिस, पार्षद, कांग्रेस के कार्यकर्ता, महिलाएं, गले में तख्तियां लटकाए बेसहारा पशुओं को निगम में लाने सहित दोपहर तक कई तरह के मामलों पर बवाल मच चुका था। हंगामे के बीच बैठक को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता निगम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि महिलाओं के साथ पुलिस ने बदसलूकी की।

सुबह निगम की साधारण सभा की बैठक महापौर नारायण चौपड़ा की अध्यक्षता में शुरू हुई। आयुक्त आरके जायसवाल, उपायुक्त मनीराम बगडिय़ा बैठक में मौजूद थे। पार्षदों ने बेसहारा पशुओं के मुद्दे पर हंगामा शुरू किया तो बाहर कांगे्रस के अध्यक्ष यशपाल गहलोत के नेतृत्व में महिलाएं और कांग्रेसी पार्षद प्रदर्शन करने पहुंच गए। उनके साथ बेसहारा पशु थे, जिनके गले में हमारी समस्या का समाधान कब होगा, लिखी तख्तियां लटकी हुई थीं। पुलिस ने पशुओं और भीड़ को निगम गेट पर रोक दिया, परंतु कुछ महिलाएं अंदर सदन तक पहुंच गईं। ऐसे में पुलिस ने उन्हें सदन हॉल से जबरन बाहर निकाला। बाद में महिलाओं ने पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी के आरोप लगाए और निगम के बाहर धरना शुरू कर दिया। आमसभा चलती रही और बेसहारा पशुओं के मुद्दे पर सात दिन में अस्थायी समाधान और महीनेभर में स्थायी समाधान का प्रस्ताव पारित हुआ। इसमें बेसहारा पशुओं को रखने के लिए मिली जमीन की चारदीवारी कराने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। बाद में मुक्ताप्रसाद कॉलोनी का मुद्दा उठाया गया। काफी देर हंगामे के बाद निगम ने मुक्ताप्रसाद कॉलोनी को अपने अधीन लेने का प्रस्ताव सहमति से पारित किया। पार्षद भी शहर की समस्याओं के लिए मुखर दिखे।