मुंबई:नेवी बेस के पास बच्चों ने देखे काले कपड़ों में बंदूकधारी,टेरर अलर्ट

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 22 सितम्बर 2016, 3:54 PM (IST)

मुंबई। नवी मुंबई के उरन में गुरुवार दोपहर नेवी बेस के पास स्कूली बच्चों ने हथियारों से लैस 5-6 संदिग्धों को सेना की वर्दी में देखा, जिसके बाद हडक़ंप मच गया और टेरर अलर्ट जारी कर दिया गया। नेवी ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
बच्चों ने संदिग्धों को सेना की वर्दी में उरम नेवी बेस के पास देखा, जिसके बाद पुलिस ने इसकी जानकारी तुरंत नेवी को दी। इसके बाद नेवी के लिए अभी तक का सबसे बड़ा अलर्ट जारी कर दिया गया है। भारतीय नौसेना ने टेरर अलर्ट जारी किए जाने की पुष्टि की है। सुबह 7 बजे से नौसेना के हेलिकॉप्टर के जरिए सर्च ऑपरेशन चल रहा है। इस बड़े अलर्ट के बाद मुंबई के तटीय इलाों की तलाशी ली जा रही है। एंटी टेरर स्क्वॉड को भी अलर्ट कर दिया गया है।

रिपोट्र्स के मुताबिक, सीनियर अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं। हेलिकॉप्टर से भी इलाके की निगरानी की जा रही है। मुंबई हार्बर के पास स्थित आईएनएस अभिमन्यु और हथियार डिपो की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि आईबी का कहना है कि उसे अभी तक कुछ भी संदेहास्पद नहीं मिला है।
बताया जा रहा है कि बच्चों ने गुरुवार सबह 7 बजे संदिग्धों को देखा और इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी स्कूल के प्रिंसिपल को दी। प्रिंसिपल ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उरन, मुंबई से लगभग 50 किलोमीटर दूर है।
संदिग्धों ने बच्चों से ओएनजीसी के बारे में पूछताछ की

जिस स्कूल के बच्चों ने सदिग्धों को देखा, वे आईएनएस अभिमन्यु और नेवी बेस के बिल्कुल करीब है। इस मामले में स्थानीय मछुआरों से भी पूछताछ की जा रही है। मुंबई पुलिस ने आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। बच्चों ने पुलिस को बताया कि संदिग्ध ओएनजीसी और स्कूल के बारे में पूछताछ कर रहे थे। बच्चों ने यह भी बताया कि संदिग्ध आपस में किसी दूसरी भाषा में बात कर रहे थे।