बड़े स्तर पर मनाया जाएगा गीता जयंती समारोह

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 सितम्बर 2016, 8:06 PM (IST)

चण्डीगढ़। हरियाणा सरकार ने 6 से 10 दिसम्बर 2016 के बीच गीता जयंती समारोह बड़े स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। इस मौके पर कुरुक्षेत्र में अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2016 कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर 18 हजार छात्र एक साथ अष्टादश श्लोकी गीता का गान करेंगे। मुख्य सचिव डी एस ढ़ेसी ने अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2016 की राज्यस्तरीय प्रबन्धन समिति की समीक्षा बैठक के दौरान ये जानकारी दी। साथ ही इस मौके पर भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े स्थानों मथुरा, उज्जैन और द्वारिका में राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियां भी लगाई जाएगी। कुरुक्षेत्र में होने वाले मुख्य समारोह में राज्य सरकार की ओर से पूरे विश्व से भारतीय मूल के सदस्यों और अन्य जाने-माने व्यक्तियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। समारोह में देशभर के 574 जिलों से अन्तर्राज्यीय स्तर के प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। तो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर माॅरिशस और श्रीलंका की टीम भी शिरकत करेंगी।