जनसंपर्क विभाग ने किया ओलम्पियन सुरेन्द्र पालड़ को सम्मानित

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 सितम्बर 2016, 7:22 PM (IST)

कुरुक्षेत्र। जिला सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग की ओर से रियो ओलम्पिक में भारतीय हाॅकी टीम के सदस्य के रुप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सुरेन्द्र कुमार पालड़ को सम्मानित किया गया। इस दौरान ओलम्पियन सुरेन्द्र पालड़ ने भी युवा हाॅकी खिलाड़ियों को प्रेरित करने के लिए अपनी तरफ से 20 युवा खिलाड़ियों को हाॅकी वितरित की। स्थानीय द्रोणाचार्य स्टेडियम स्थित हाॅकी खेल प्रांगण में हुए सम्मान समारोह में पालड़ को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर पालड़ ने कहा कि राज्य सरकार की नई खेल नीति से खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। हरियाणा सरकार की नई खेल नीति के तहत ओलम्पियन में गोल्ड मैडल जीतने पर 6 करोड़, सिल्वर मैडल जीतने पर चार करोड़ और कांस्य पदक हासिल करने पर ढाई करोड़ रुपए के साथ नौकरियों में खेल कोटा निर्धारित किया है। इस खेल नीति के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और खेल मंत्री अनिल विज का आभार भी व्यक्त किया है।