जेल का थीम सांग बनेगा तिनका-तिनका आगरा

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 सितम्बर 2016, 6:08 PM (IST)

आगरा। इन दिनों सेंट्रल जेल के कैदी अपनी प्रतिभा को निखारने में लगे हैं। आजीवन कारावास काट रहे केंद्रीय जेल के बारह कैदी ``तिनका-तिनका आगरा`` थीम सॉन्ग पर काम कर रहे हैं। हर रोज ये सभी कैदी सेंट्रल जेल के मंदिर में ढोल, मजीरे और हारमोनियम के साथ नियमित अभ्यास में जुटे रहते हैं।

सभी कैदी जेल की गायन मंडली का हिस्सा हैं। आजीवन कारावास काट रहे दिनेश कुमार गौड़, संजय कश्यप, यशपाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, अशोक कुमार, जुगनू, शकील अंसारी, संजीव यादव सोनी, पप्पू चौहान, सुरेश ऐलानी और विजय के थीम सॉन्ग को गाने की शैली किसी भी मशहूर गायक से कम नहीं लगती। दिनेश कुमार गौड़ इस गीत के प्रमुख गायक हैं। उन्होंने ही इस गाने को अंतिम रूप दिया है।

``तिनका-तिनका आगरा`` शीर्षक का यह गाना जल्द ही रिलीज होगा और यह जेल का थीम सॉन्ग बनेगा। इससे पहले वर्तिका नंदा का लिखा गाना `तिनका-तिनका डासना` उत्तर प्रदेश की डासना जेल का थीम सॉन्ग बना था और `तिनका-तिनका तिहाड़` दिल्ली की तिहाड़ जेल का। हालांकि इस बार वर्तिका के आग्रह पर आगरा के गाने को बंदियों ने ही लिखा है और यह तिनका सीरीज का एक बड़ा हिस्सा बनने जा रहा है। वर्तिका अलग-अलग जेल के गानों की सीरीज पर काम कर रही हैं। यह काम इसका एक प्रमुख हिस्सा होगा। अपराधों पर जागरूकता लाने के लिए वे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से 2014 में स्त्री-शक्ति पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुकी हैं। इसके साथ ही आगरा जेल में `तिनका-तिनका आगरा` की थीम पर वर्तिका नन्दा की लिखी कुछ खास पंक्तियों को भी प्रमुख दीवार पर उकेरा गया है।