रमाबाई अंबेडकर मैदान में अपनी सियासी ताकत दिखाएंगे स्वामी, अमित शाह होंगे शामिल

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 सितम्बर 2016, 08:44 AM (IST)

लखनऊ। प्रदेश की राजधानी में बसपा से भाजपा में आए नेता स्वामी प्रसाद मौर्या रमाबाई अंबेडकर मैदान में अपनी सियासी ताकत दिखाएंगे। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित और यूपी प्रभारी ओम माथुर शामिल होंगे। स्वामी आज रमाबाई अंबेडकर मैदान में परिवर्तन रैली करने जा रहे हैं। इस रैली में भाजपा उनकी ताकत को आंकेगी। इस रैली में पता चलेगा कि सैनी, कुशवाहा और मौर्या समाज में उनकी कितनी पकड़ है।

करीब 20 साल से राजनीतिक कर रहे स्वामी प्रसाद मौर्या की कड़ी परीक्षा है। आज रमाबाई मैदान में उनके रणनीतिक कौशल के साथ ही जनता में पैठ की भी परख की जाएगी। मौर्या और उनके समर्थकों ने अंबेडकर मैदान भरने की पूरी ताकत झोंक दी है। उनकी रैली पर सपा और बसपा ने नजर गड़ा रखी है। रैली में जुटने वाली भीड़ ही भाजपा में स्वामी को मिलने वाले कदम को तय करेगी। इस रैली में भी स्वामी के निशाने पर बसपा सुप्रीमो मायावती होंगी।