पुलिस पिकेट में आग लगाई,हाइवे पर जाम,तनाव बरकरार

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 20 सितम्बर 2016, 9:14 PM (IST)

मिर्जापुर। हलिया थाना क्षेत्र के भैसोड बलाय पहाड़ पर हुई दुर्घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने रात 8.30 बजे पर पुलिस पिकेट में आग लगा दी। हालत बिगड़ते देख एसपी अरविन्द सेन,एडीएम विजय बहादुर अन्य पुलिस अधिकारीयों के साथ मौके पर पहुँच गए है। अभी तक जाम नहीं छूटा है। भीड़ मुआवजे की मांग को लेकर अड़ी है। सुदूर इलाका और बारिश होने से डीएम नहीं पहुँच सकी है।दरअसल शाम छह बजे ट्रक से कुचलकर बाइक सवार की मौत हो गयी। मृतक भैसोड़ बलाय पहाड़ के प्रधान दीपचंद्र का बड़ा भाई है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाइवे सात पर चक्काजाम लगा दिया। मौके पर तीन थाने की पुलिस पहुंच गयी है। ड्रमंडगंज चौकी इंचार्ज चंद्रशेखर सिंह यादव के मुताबिक भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव के 58वर्षीय शंकर केशरी बाइक से लहुरियादह जा रहे थे। इसी समय विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। ग्रामीणों ने चक्काजाम लगाने की सूचना पर लालगंज, हलिया और जिगना थाने की पुलिस पहुंच गयी है। खबर लिखे जाने तक चक्काजाम नहीं छूटा था। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।