जिम व योगा से पहले ध्यान में रखें ये जरूरी बातें....

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 01 सितम्बर 2017, 4:07 PM (IST)

आजकल की भागदौड भरी जिंदगी में खुद को फिट रखना बहुत जरूरी है। आजकल की युवा पीढी अपने फिटनेस पर ध्यान भी दे रही है। खुद को फिट रखने के लिए लोग जिम जाते हैं और योगा भी करते हैं। हमारे देश की सरकार भी योगा को बढावा दे रही है। फिटनेस ट्रेनर विजय शर्मा और विवेक सिंह का कहना है कि व्यायाम ना सिर्फ हमें शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है बल्कि मानसिक रूप से भी सुदृढ करता है। व्यायाम व्यक्ति के शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह करता है।

इस कारण सभी को व्यायाम करना चाहिए। लेकिन अभी भी लोगों को इसके बारे में पूरी जानकारी नहीं है। आजकल जिम तो गली गली में मिल जाते हैं लेकिन सिर्फ जिम में जाकर वजन उठाने और पसीना बहाने से ही काम नहीं बनता। अगर व्यायाम सही तरीके से नहीं किया जाए तो उसके नकारात्मक परिणाम भी मिल सकते हैं। इस कारण आपको योग और जिम करने से पहले कुछ महत्तवपूर्ण चीजों का ध्यान रखना जरूरी है। आइए जानते हैं व्यायाम से पहले कौन सी चीजों का ध्यान रखना चाहिए।


वॉर्म अप:
व्यायाम या योगा शुरू करने से पहले आपको अपने शरीर को व्यायाम या योगा के लिए तैयार करना चाहिए। इसके लिए वॉर्म अप जरूरी है। अगर आप योगा कर रहें हैं तो आपको सूर्य नमस्कार से शुरूआत करनी चाहिए।

अगर आप जिम जाते हैं तो अपने फिटनेस ट्रेनर से वॉर्म अप के बारे में पूछना चाहिए और व्यायाम शुरू करने से पहले वॉर्म अप जरूर करें। क्यू फिटनेस जिम के ट्रेनर विवेक& सिंह का कहना है कि वॉर्म अप करने से आपका शरीर और मांसपेशियां व्यायाम करने के तैयार हो जाती हैं।


तय करें लक्ष्य:
अगर आप जिम जा रहे हैं तो पहले आपको तय करना होगा कि आपका लक्ष्य क्या है। आप वजन कम करने के लिए व्यायाम कर रहे हैं, बॉडी मसल्स बनाने के लिए या अपने आप को फिट रखने के लिए।

इस बारे में अपने फिटनेस ट्रेनर को बताएं। वह आपको आपके लक्ष्य के अनुसार व्यायाम बताएंगे। अगर आप बिना यह जाने ऐसे ही व्यायाम करेंगे तो आप अपने लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर पाएंगे।


खानपान:
व्यायाम करने के साथ आपको अपने खानपान पर ध्यान देना भी जरूरी है। व्यायाम करने से पहले और बाद में फलों का सेवन करना चाहिए। सॉफ्ट ड्रिंक्स के सेवन से दूर रहना चाहिए। इसकी बजाय आप फलों का ज्यूस पिएं तो ज्यादा बेहतर है। आपके शरीर के सीबीएमआई को देखकर आपको अपनी डाईट उसी अनुरूप रखनी चाहिए।

गौरतलब है कि हमारे शरीर को प्रोटिन, कार्बोहाइड्रेट, मिनरल्स आदि कई चीजों की आवश्यकता होती है। ऐसे में आपके शरीर को कौन सी चीज कितनी मात्रा में और कब लेनी है यह तय करना जरूरी है। इससे आपको जल्दी और अच्छे परिणाम मिलेंगे।


सावधानियां:
जिम में व्यायाम या योगा करने से पहले अपने फिटनेस ट्रेनर से आपके शरीर का मापदण्ड लेने के लिए कहें। अगर आपको कोई पुरानी बीमारी है या आपके पहले कभी कोई गंभीर चोट लगी हो तो इसके बारे में भी अपने ट्रेनर को बताएं। जिससे की आपको व्यायाम के दौरान किसी तरह की कोई परेशानी का सामना ना करना पडे।

साभार: विजय शर्मा फिटनेस ट्रेनर