PM मोदी के सपनों की "बुलेट ट्रेन" हो सकती है डिरेल!

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 08 जून 2016, 1:44 PM (IST)

मुंबई। मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की राह में महाराष्ट्र सरकार रोडा बनती नजर आ रही है। जिससे मोदी सरकार को बडा झटका लगा है। महाराष्ट्र की फडनवीस सरकार ने 98,000 करोड़ के बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर रोक लगा दी है। इस प्रोजेक्ट के अनुसार अहमदाबाद से मुंबई के बीच बुलेट ट्रेन चलाने की योजना है, लेकिन अब मुश्किल नजर आ रही है। मुंबई को रूट का सबसे महत्वपूर्ण स्टेशन बनाए जाने की इजाजत नहीं दी गई है।

एक अंग्रेजी अखबार की खबर के मुताबिक रेलवे की प्लानिंग दक्षिणी मुंबई के केन्द्रीय बिजनेस सेंटर बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में अंडरग्राउंड मुंबई स्टेशन बनाए जाने की है। यह योजना जापानी कंसल्टेंट ने तैयार की थी। इस योजना को रोकने के पीछे महाराष्ट्र सरकार ने रेलवे से कहा है कि प्रस्तावित स्टेशन उसके एक आर्थिक सेंटर बनाने की योजना को नुकसान पहुंचाएगा। मई में रेलवे अधिकारियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडऩवीस, मुख्य सचिव और अन्य अफसरों के साथ दो बार बात भी की थी, लेकिन कोई हल नहीं निकला।

महाराष्ट्र सरकार का कहना है कि प्रस्तावित स्टेशन से राज्य को करीब 10,000 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होगा। अब माना जा रहा है कि इस मसले का हल निकालने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही आगे आना होगा। सूत्रों की मानें तो मंत्रालय इस मसले का कुछ हल निकालने के लिए पीएम मोदी का दरवाजा खटखटा सकता है।