विनोद कांबली की क्रिकेट मैदान पर वापसी, बने इस टीम के मेंटर

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 12 मार्च 2018, 12:22 PM (IST)

मुंबई। बाएं हाथ के पूर्व भारतीय बल्लेबाज विनोद कांबली एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर वापसी करने जा रहे हैं। कांबली को सोमवार से मुंबई में शुरू हो रही मुंबई टी20 लीग की फ्रेंचाइजी शिवाजी पार्क लॉयंस के मेंटर के रूप में देखा जाएगा। कांबली ने रविवार को एक बयान में कहा, मैं शिवाजी पार्क लायंस के साथ अपना अनुभव साझा करने और उसका मार्गदर्शन करने के लिए उत्साहित हूं।

इस टीम में प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। मुंबई ने हमेशा अपनी क्षमता साबित की है और राष्ट्रीय स्तर पर युवा प्रतिभाओं को बढ़ावा दिया है। इस टीम के साथ भी हम यही लक्ष्य हासिल करेंगे। कांबली ने अपनी टीम के खिलाडिय़ों से इस टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आग्रह किया है, क्योंकि इससे खिलाडिय़ों को इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने का मौका भी मिल सकता है।

मुंबई टी20 लीग में शिवाजी पार्क लॉयंस टीम की कमान मुंबई के मध्यम क्रम के बल्लेबाज सिद्धेश लाड के हाथों में है। इस टीम के कोच विनोद राघवन हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

इस लीग के मैच वानखेड़े स्टेडियम में 11 से 21 मार्च तक खेले जाएंगे। लीग में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। कांबली पिछले कुछ समय से टीवी चैनलों पर बतौर एक्सपर्ट नजर आ रहे हैं। कांबली को एक समय सचिन तेंदुलकर की जैसे काफी बढिय़ा बल्लेबाज माना जाता था, लेकिन प्रदर्शन में निरंतरता नहीं होने से वे अपनी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर पाए। 46 वर्षीय कांबली के 17 टेस्ट में 1084 और 104 वनडे में 2477 रन हैं। वे 1993 से 2000 तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सक्रिय रहे।

ये भी पढ़ें - ये हैं IPL इतिहास के 10 सबसे महंगे क्रिकेटर, कोई पैसा वसूल तो कोई...