जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय में जल्द ही पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया : कृषि मंत्री

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 15 फ़रवरी 2018, 4:14 PM (IST)

जोधपुर। कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय में 178 शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक पदों के लिए भर्ती जारी है और जल्द यह भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
सैनी प्रश्नकाल में विधायकों की ओर से इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि जोधुपर कृषि विश्वविद्यालय का विस्तार मंडोर कृषि महाविद्यालय के परिसर में ही किया जाएगा। इस महाविद्यालय की 61 हेक्टेयर जमीन पर ही प्रशासानिक भवन और अन्य भवनों का निर्माण जल्द ही कराया जाएगा।
कृषि मंत्री ने बताया कि जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय को वर्ष 2014-15 से अभी तक 7155.58 लाख रुपए की सहायता राशि दी गई है। इस विश्वविद्यालय का भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा अधीस्वीकरण नहीं होने की वजह से उसे वहां से सहायता नहीं मिल पाईं। आईसीएआर की हाईपावर समिति द्वारा विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर कुछ कमियों को दूर करने के लिए कहा था। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा इस विश्वविद्यालय को तीन योजनाओं में राज्य मद से 1018.77 लाख रुपए सहायता प्रदान की गई।

उन्होंने बताया कि अभी जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय के अधीन चार कृषि महाविद्यालय और 6 किसान विज्ञान केन्द्र संचालित हैं। विश्वविद्यालय द्वारा ब्रीडर सीड लेकर 1313.69 किलो प्रमाणित बीज का उत्पादन किया गया है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे