यह बजट कांग्रेस का नहीं भाजपा का है, मुख्यमंत्री धरातल पर लाएंगी घोषणाएं : परनामी

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 12 फ़रवरी 2018, 2:14 PM (IST)

जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बजट भाषण के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपनी सुराज संकल्प यात्रा के दौरान जो घोषणा पत्र जारी किया था। उन्होंने उसे पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि सुराज संकल्प यात्रा के दौरान घोषणा पत्र में की गई घोषणाओं में से करीब 500 घोषणाओं को पूरा किया जा चुका है। शेष घोषणाओं को इस बजट में शामिल किया गया है। इन्हें अब जल्द ही पूरा किया जाएगा।

परनामी ने पिछली सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यह बजट कांग्रेस का नहीं है, भाजपा का है। मुख्यमंत्री कोई भी घोषणा करती हैं तो वे उसे धरातल पर लाकर ही छोड़ती हैं। इस बजट में मुख्यमंत्री ने एक भी वर्ग को नहीं छोड़ा है। सभी को कुछ न कुछ दिया है। किसानों का कर्ज माफ कर दिया, जबकि कांग्रेस ने कर्ज चढ़ाने का ही काम किया और सीएम ने कर्ज हटा दिया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने व्यापारियों के लिए एक बोर्ड बनाने का काम किया, जिससे व्यापारियों की समस्या बोर्ड के माध्यम से दूर की जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि जितना विकास का काम पिछले चार वर्षों में हुआ, कांग्रेस उसका आधा भी नहीं कर पाएगी।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे