इनेलो से जुड़ेंगे अनेक लोग, कांग्रेसियों के लिए दरवाजे बंद-अभय चौटाला

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 18 जनवरी 2018, 4:30 PM (IST)

रोहतक।इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने संभावना जताई है कि लोकसभा के साथ ही विधानसभा के चुनाव होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा को भी पता चल जाएगा कि उनके कार्यकाल से लोग कितने परेशान है। भाजपा को प्रदेश में एक भी सीट नहीं मिलेगी और खुद मुख्यमंत्री भी हारेंगे, जो अपने लिए सुरक्षित सीट ढूंढ रहे हैं। अभय चौटाला ने ये भी दावा किया कि इस साल अनेक सामाजिक लोग इनेलो से जुड़ेंगे, लेकिन राजनैतिक लोगों को पार्टी से नहीं जोड़ेंगे, जो कि मौके की तलाश में रहते हैं।


कांग्रेस के बाद अब इनेलो भी मानने लगी है कि प्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। रोहतक पहुंचे नेता विपक्ष अभय चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा तैयार रहती है और चुनाव किसी भी वक्त हो, वे उसके लिए तैयार है। कांग्रेस के बारे में टिप्पणी करते हुए चौटाला ने साफ किया कि किसी भी कांग्रेसी को वे अपनी पार्टी में शामिल नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें अपनी पार्टी का कल्चर खराब नहीं करना। इससे भी आगे बढकर चौटाला ने ये भी बोल डाला कि वे किसी राजनैतिक व्यक्ति को पार्टी में शामिल नहीं करेंगे, क्योंकि राजनैतिक लोग मौके की तलाश में आते है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे