जयपुर मर्डर केस का खुलासा, इसलिए की थी हत्या

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 14 जनवरी 2018, 12:10 PM (IST)

जयपुर। पुलिस ने शहर में हुए सनसनीखेज मर्डर केस का खुलासा करने में बड़ी कामयाबी हासिल कर ली है।

शिप्रापथ थाना इलाके में एक युवक की हत्या कर शव जलाने के मामले में जयपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी राजू को जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस आरोपी राजू को गिरफ्तार कर जयपुर ले आई है।

मृतक की पत्नी से संबंध थे, मिलकर रची साजिश

आरोपी से पूछताछ में सामने आया है कि राजू और मृतक कमल की पत्नी में अवैध संबंध थे। दोनों के बीच कमल रोड़ा बना हुआ था। आरोपी राजू मृतक कमल की पत्नी को किसी भी सूरत में पाना चाहता था। लेकिन कमल का उनके बीच में आना खटक रहा था। दोनों ने कथित प्रेमप्रसंग के चलते कमल को रास्ते से हटाने की साजिश रची। साजिश के तहत कमल को रास्ते से हटाने के बाद दोनों भागना चाहते थे। दोनों ने अपना सामान भी पैक कर लिया था।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

घटना वाली रात की शराब पार्टी

सामान पैक करने के बाद साजिश के तहत सामान आरोपी राजू कमल को लेकर शिप्रापथ थाने के पास स्थित घटनास्थल पहुंचा। वहां दोनों ने शराब पी। इस बीच झगड़ा हो गया। आरोपी राजू ने किसी भारी वस्तु से कमल के सिर पर प्रहार कर दिया। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए कमल के शरीर पर केराेसिन डालकर आग लगा दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

कमल की पत्नी को लिया था हिरासत में

पुलिस ने शक के आधार पर कमल की पत्नी समेत 3 लोगों काे हिरासत में ले लिया था। उससे पूछताछ की जा रही थी। इस बीच पुलिस को राजू और उसके बीच के संबंधों की जानकारी हाथ लगी। पूछताछ में पत्नी टूट गई और गुनाह कबूल कर लिया। उसने राजू के जोधपुर भागने की बात बताई। इस पर पुलिस ने आरोपी राजू को जोधपुर से काबू कर लिया।


ये भी पढ़ें - यहां अंतिम विश्राम के लिए भी नहीं मिलती जगह

डिप्रेशन में था आरोपी राजू

आरोपी राजू पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में चल रहा था। उसकी पत्नी का किसी और व्यक्ति के साथ संबंध जुड़ गया था। जिसके चलते वह उसे छोड़कर भाग गई थी। इस वजह से वह डिप्रेशन में चल रहा था। इस बीच उसकी मुलाकात मृतक कमल की पत्नी से हो गई। वक्त के साथ दोनों के संपर्क संबंधों तक पहुंच गए। वह मृतक कमल की पत्नी को पाना चाहता था। इस बात पर कमल और राजू के बीच काफी बार झगड़ा भी हो चुका था।

कमल पत्नी को गांव भेजना चाहता था

मृतक कमल अपनी पत्नी को गांव भेजना चाहता था। यह आरोपी राजू और उसकी पत्नी को नागवार लगा। इसलिए उन्होंन कमल को रास्ते से हटाने की साजिश रची और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी राजू के खिलाफ मुहाना थाने में युवती से छेड़छाड़ का केस दर्ज है। इससे पहले उसके पं. बंगाल की युवती के भी संपर्क में आया था।

ये भी पढ़ें - यकायक सुलग उठता है घर में रखा सामान...