IPL नीलामी : रूट, स्टोक्स, गेल पर होंगी निगाहें, 1122 क्रिकेटर्स...

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 13 जनवरी 2018, 5:27 PM (IST)

नई दिल्ली। इंग्लैंड के जोए रूट, बेन स्टोक्स और इयोन मोर्गन तथा वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने 27 एवं 28 जनवरी को होने वाली आईपीएल नीलामी के लिए अपने आपको पंजीकृत करा लिया है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण की नीलामी बेंगलुरू में होगी। इसमें कुल 778 भारतीयों सहित कुल 1122 क्रिकेटर्स की बोली लगेगी। इनमें 281 कैप्ड व 838 अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल हैं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी। इंग्लैंड के 26 खिलाड़ी, ऑस्ट्रेलिया के 58, न्यूजीलैंड के 30 और दक्षिण अफ्रीका के 57 खिलाडिय़ों ने आईपीएल नीलामी के लिए अपने आपको पंजीकृत कराया है। नीलामी में कुल 282 विदेशी खिलाडिय़ों का पंजीकरण हुआ है। इस नीलामी में अफगानिस्तान के भी 13 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि श्रीलंका और वेस्टइंडीज के 39-39 खिलाड़ी शामिल होंगे।

बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के आठ और सात खिलाड़ी नीलामी में हिस्सा लेंगे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के लिए पिछले संस्करणों में खेलने वाले ऑस्ट्रेलिया के मिशेल स्टार्क, क्रिस लिन, पैट कमिंस भी नीलामी में शामिल होंगे। वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो, कार्लोस ब्रेथवेट, एविन लुइस और जेसन होल्डर की भी नीलामी में बोली लगेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

हाशिम अमला, कागिसो रबाडा, फाफ डु प्लेसिस और मोर्ने मोर्केल पर भी सभी की निगाहें होंगी। पिछले संस्करण में किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान रहे और टी20 विशेषज्ञ माने जाने वाले ग्लेन मेक्सवैल पर एक बार फिर सभी फ्रेंचाइजियां नजरें गड़ा के बैठेंगी।

वहीं अगर भारतीय खिलाडिय़ों की बात की जाए तो गौतम गंभीर, युवराज सिंह, रविचंद्रन अश्विन, हरभजन सिंह, अजिंक्य रहाणे, कुलदीप यादव, लोकेश राहुल और मुरली विजय के लिए फ्रेंचाइजियां बोली लगाती दिखेंगीं। नीलामी में उतरने वाले सभी खिलाडिय़ों की सूची हर फ्रेंचाइजी को भेज दी गई है।

ये भी पढ़ें - रोहित इस मामले में इन्हें पछाड़ आए पहले स्थान पर, देखें टॉप...