सिविल लाइन क्षेत्र में बने सोलर लाइट गोदाम मेें आग, जा सकती थी कई लोगों की जान

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 13 जनवरी 2018, 10:49 AM (IST)

जयपुर। राजधानी जयपुर में शनिवार सुबह की शुरूआत हादसों से हुई है, जहां आग ने अपना तांडव मचाया। विधाधर नगर इलाके में स्थित मकान में आग से पांच लोग मौत के आगोस में समा गए। इस घटना को बीते चंद घंटे भी नहीं हुए थे कि फिर से जयपुर के सबसे पाॅश इलाके सिविल लाइंस क्षेत्र में एक भींषण आग ने लोगों में दहशत फैला दी। यह आग राजधानी जयपुर के रिहायशी इलाके में बने बिल्डिंग के बेसमेंट में लगी। घटना रामनगर के गौरव काॅलोनी की है।

जानकारी के मुताबिक बेसमेंट में सोलर लाइट का गोदाम बना हुआ था। अचानक यहां रहने वाले लोगों को बेसमेंट से धुंआ निकलते हुए नजर आया। आकर देखा तो बेसमेंट आग लगी हुई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके बाद आसपास के लोगों में दहशत मच गई। घटनाक्रम के दौरान पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आग के चलते आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर बिग्रेड को सूचना दी। सूचना पर आई पुलिस और फायर बिग्रेड की गाडियों ने आग को बुझाने का प्रयास किया।

हालांकि बेसमेंट में एक ही सीढी होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। ऐसे में दमकलकर्मियों ने खिड़की के जरिए ही आग को बुझाने का प्रयास किया। आधा दर्जन से ज्यादा दमकल की सहायता से करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

गनीमत ये रही कि समय पर आग के बारे में पता चल गया। नहीं तो हादसा बड़ा हो सकता था। आग की चपेट में और भी मकान आ सकते थे और कई लोगों की जान भी जा सकती थी। लेकिन समय पर फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता उससे पहले ही बेसमेंट में रखा लाखों का पूरा माल जलकर खाक हो गया।

घटना के बाद गोदाम मालिक और मकान मालिक भी मौके पर आए। प्रांरम्भिक जांच में सामने आया है कि रिहायशी इलाके में बना यह गोदाम अवैध रूप से चल रहा था। बिना परमिशन के रेजीडेंस इलाके में काॅमर्शियल एक्टिविटिज संचालित होने के कारण लोगों ने भी इसका विरोध किया। यही नहीं गोदाम होने के कारण इस मकान में फायर फायटिंग सेफ्टी सिस्टम भी नहीं लगा रखा था।

हालांकि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन प्रांरम्भिक जांच में आग लगने की वजह शाॅर्ट सर्किट को बताया जा रहा है। पुलिस इस पूरे मामले को लेकर जांच कर रही है।

बहरहाल, देखा जाए तो राजधानी जयपुर में आगजनी की यह दूसरी घटना है। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। लेकिन इस घटना में दर्जनों लोगों की जान भी जा सकती थी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे