रोहिंग्या मामला : राजनाथ बोले- सीमावर्ती राज्य घुसपैठ को लेकर चौकस रहे

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 07 दिसम्बर 2017, 10:41 PM (IST)

कोलकाता। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को बांग्लादेश से सटे देश के सीमवर्ती राज्यों से आग्रह किया कि वे रोहिंग्या और अवैध प्रवासियों की घुसपैठ को लेकर चौकसी बनाए रखें। बांग्लादेश की सीमा से सटे राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद सिंह ने कहा, ‘‘हमने रोहिंग्या मसले पर बातचीत की। मैंने सभी प्रदेशों से इस मसले पर चौकन्ना रहने को कहा है। हमें सतर्कता बरतनी है, ताकि सीमापार से किसी भी प्रकार का अवैध प्रवासी का प्रवेश न हो।’’

राजनाथ सिंह के अलावा गृहराज्य मंत्री किरण रिजीजू, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, मिजोरम के मुख्यमंत्री ललथन हावला के साथ मेघालय और त्रिपुरा के अधिकारी भी पश्चिम बंगाल के नबान्ना सचिवालय में आयोजित बैठक में मौजूद थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

राजनाथ सिंह ने बताया कि बैठक में अंतर्राष्ट्रीय सीमापार से अपराधियों और अवैध प्रवासियों की घुसपैठ के मसले पर विस्तृत बातचीत हुई। उनका कहना था कि अवैध प्रवासियों के पास जाली कागजात होने से उनको देश से बाहर निकालना कभी-कभी मुश्किल हो जाता है।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - यहां नागमणि से होता है सर्प दंश का इलाज!