कांग्रेस ने याद किया चाचा नेहरू को, मनाई जयंती

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 14 नवम्बर 2017, 4:57 PM (IST)

बारां । देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं चाचा नेहरू के नाम से प्रसिद्व पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती जिला कांग्रेस कार्यालय पर कांग्रेसजनों द्वारा मनाई गई।कांग्रेस जिला महासचिव कैलाश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि देश के प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जयंती अवसर पर कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजन एवं कांग्रेसजनों ने जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र होकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन करते हुए विचार गोष्ठी आयोजित की।

विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए पानाचंद मेघवाल ने कहा कि आजादी के लिये लड़ने वाले और संघर्ष करने वाले मुख्य महापुरुषों में से जवाहरलाल नेहरु एक थे, वे पंडित जवाहरलाल नेहरु के नाम से जाने जाते थे, जिन्होंने अपने भाषणों से लोगो का दिल जीत लिया था। इसी वजह से वे आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री भी बने और बाद में उनकी महानता को उनकी बेटी और पोते ने आगे बढाया। मेघवाल ने कहा कि पंडित नेहरू का जन्म 14 नवम्बर 1889 को इलाहबाद में हुबा था तथा इनके पिताजी का नाम मोतीलाल नेहरू एवं माताजी का नाम स्वरूप रानी नेहरू था।

विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व सभापति कैलाश पारस ने कहा कि जवाहरलाल नेहरु भारत के पहले प्रधानमंत्री और स्वतंत्रता के पहले और बाद में भारतीय राजनीति के मुख्य केंद्र बिंदु थे। वे महात्मा गाँधी के सहायक के तौर पर भारतीय स्वतंत्रता अभियान के मुख्य नेता थे जो अंत तक भारत को स्वतंत्र बनाने के लिए लड़ते रहे और स्वतंत्रता के बाद भी 1964 में अपनी मृत्यु तक देश की सेवा की। उन्हें आधुनिक भारत का रचयिता माना जाता था। पंडित संप्रदाय से होने के कारण उन्हें पंडित नेहरु भी कहा जाता था। जबकि बच्चो से उनके लगाव के कारण बच्चे उन्हें “चाचा नेहरु” के नाम से जानते थे।नेहरू जयंती के अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी को अन्य कांग्रेसजनों द्वारा भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सभापति कैलाश पारस, एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सत्यनारायण भूमलिया, युवा कांग्रेस लोकसभा अध्यक्ष धर्मराज मेहरा, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमेश मीणा, सेवा दल जिलाध्यक्ष अशरफ देशवाली, जिला महासचिव जाकिर मंसूरी, पूर्व जिला अल्पसंख्यक अध्यक्ष नासिर मिर्जा, पार्षद शिवशंकर यादव, राहुल शर्मा, रितु जैन, योगेन्द्र मेहता, सुरेंद्र नागर, अखलाक अंसारी, पार्षद नियाज मोहम्मद, कांग्रेस अल्पसंख्यक सम्भाग सचिव पिंकू भाई, आईटी प्रदेश संयोजक दानिश खान, शरद शर्मा, विरेन्द्र शांत, सत्यनारायण मीणा, महेंद्र जैन, तेजपाल बंजारा, विनय मेरोठा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे