डॉक्टरों व सरकार की गतिरोध के बीच वार्ता जारी, चिकित्सकों को गिरफ्तारी का डर

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 12 नवम्बर 2017, 5:30 PM (IST)

जयपुर। प्रदेश में 33 मांगों को लेकर चल रही डॉक्टरों की हड़ताल के मामले में सचिवालय में रविवार को दोपहर 2 बजे से शुरू हुई वार्ता गतिरोध के बीच जारी है। चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ एवं अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सा संघ के प्रदेशाध्यक्ष अजय चौधरी और उनके प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता चल रही है। उधर, सचिवालय में एकाएक पुलिस बढ़ा दी गई। इससे वार्ता में शामिल होने आए प्रतिनिधिमंडल में गिरफ्तारी का डर भी बना हुआ है।

वार्ता के दौरान कमरे से बाहर आए अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सा संघ के प्रदेशाध्यक्ष अजय चौधरी के अनुसार सेवारत चिकित्सकों को प्रदेश भर के मरीजों की बहुत चिंता है। वे भी चाहते हैं जल्द से जल्द अस्पतालों में जाकर उनका उपचार करें, लेकिन राज्य सरकार अडियल रुख अपना रही है। सेवारत चिकित्सक एकल पारी करने की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि सरकार एक महीने तक ट्रायल के तौर पर इसे लागू करके देखे। अगर इस दौरान व्यवस्था सही नहीं रहती है तो इसे वापस दो पारी का कर दिया जाएगा। सरकार हमारी इस मांग पर अडियल रुख अपना रही है। उन्होंने यह भी कहा अभी ग्रेड पे का मामला भी अटका हुआ है। उन्होंने सरकार से वार्ता समाप्त होने के बाद ग्रीन कॉरिडोर देने की भी बात कही है। साथ ही कहा है कि अगर प्रतिनिधिमंडल की वापसी के समय डॉक्टरों की गिरफ्तारी की जाती है तो यह सरकार की वादाखिलाफी होगी।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे