भरतपुर में दहेज के दानव ने ले ली महिला की जान

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 10 अक्टूबर 2017, 8:23 PM (IST)

भरतपुर। दहेज का दानव जाने कितनी विवाहित महिलाओं की जिंदगी तबाह कर देगा। दहेज के दानव ने मंगलवार को एक और विवाहिता को लील लिया। भरतपुर में एक शिक्षिका ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

मामला थाना मथुरा गेट इलाके की जवाहर नगर कॉलोनी का है, जहां करीब दो साल पहले रेलवे में अस्थायी कर्मचारी के साथ रेखा की शादी हुई थी। लडकी के पिता अमरसिंह ने पूरा दहेज देकर विदा किया था, लेकिन शादी के बाद से ही लड़का बेरोजगार हो गया। महिला को दहेज के लिए परेशान करने लगा। घटना से एक दिन पहले महिला ने अपने भाई से फोन पर दहेज के लिए परेशान करने की बात कही। सुबह पुलिस को सूचना मिली कि विवाहिता ने आत्महत्या कर ली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले ही परिजन महिला को लेकर अस्पताल पहुंच गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता से देखते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। महिला के पिता ने सास, ननद सहित पति के खिलाफ थाना मथुरा गेट में मामला दर्ज कराया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे