1965 की जंग के हीरो अर्जन सिंह की हालत नाजुक, अस्पताल में मिलने पहुंचे PM

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 16 सितम्बर 2017, 6:50 PM (IST)

नई दिल्ली। 1965 भारत-पाकिस्तान युद्ध में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व वायु सेना प्रमुख अर्जन सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार सुबह दिल का दौरा पडऩे के बाद उन्हें दिल्ली के आर्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण उनका हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे हैं। 98 वर्षीय सिंह पांच स्टार पाने वाले भारतीय वायु सेना के एकमात्र अधिकारी हैं। रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में बताया है कि एयरफोर्स मार्शल अर्जन सिंह गंभीर रूप से बीमार हैं।

शनिवार सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा उसके बाद आर्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर बताया कि भारतीय वायु सेना के मार्शल को देखने के लिए अस्पताल गया जहां उनकी हालत गंभीर है। पीएम ने बताया कि उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। हम सभी भारतीय वायु सेना के मार्शल की जल्द ठीक होने की कामना करें। डॉक्टर अपना सर्वश्रेष्ठ काम कर रहे हैं। वहीं, अर्जन सिंह से मिलने के बाद रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि आज सुबह उन्हें तेज दिल का दौरा आया जिसके बाद अस्पताल लाया गया। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि वो जल्द से जल्द ठीक हो जाएंगे। हालांकि, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

भारतीय सेना के लिए मिसाल माने जाने वाले सिंह ने 1965 में सबसे युवा वायु सेना प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। उस समय उनकी आयु महज 44 वर्ष थी। अर्जन सिंह भारतीय वायु सेना के एकमात्र ऐसे अधिकारी हैं, जिन्हें साल 2002 में फील्ड मार्शल के बराबर फाइव स्टार रैंक देकर प्रमोशन दिया गया था। 1 अगस्त 1964 से 15 जुलाई 1969 तक वह वायुसेनाध्यक्ष थे और 1965 में उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। 1965 के युद्ध में वायु सेना में अपने योगदान के लिए उन्हें वायु सेनाध्यक्ष के पद से पद्दोन्नत होकर एयर चीफ मार्शल बनाया गया। वे भारतीय वायु सेना के पहले एयर चीफ मार्शल थे।

ये भी पढ़ें - ये हैं लोगों से 20 करोड़ से ज्यादा ठगने वाले बाप-बेटे