भारत को जानो यात्रा हरियाणा पहुंची, राज्यपाल से भेंट

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 14 सितम्बर 2017, 11:44 PM (IST)

चण्डीगढ़। ‘भारत को जानो’ कार्यक्रम के तहत देशभर का भ्रमण कर रहे युवा प्रवासी भारतीयों ने आज हरियाणा राजभवन में राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी से भेंट की। इस अवसर पर खेल एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज भी उपस्थित थे।
राज्यपाल ने राजभवन में युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और वर्तमान समय के भौतिक विकास को देखकर गर्व होगा कि उनकी जड़ें ऐसे महान देश से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारे देश के लिए अति महत्वपूर्ण है क्योंकि आज भारत व जापान के प्रधानमंत्रियों ने मिलकर भारत में अत्याधुनिक विकास की प्रतीक बुलेट ट्रेन की नींव रखी है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे कुरुक्षेत्र में कुछ समय के लिए अवश्य जाएं, जहां से भारतीय संस्कृति के पुरोधा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दुनिया को कर्म का संदेश दिया गया था। उन्होंने सब युवाओं का परिचय प्राप्त किया और उन्हें ‘इंटरनेशल गीता महोत्सव’ पुस्तक भेंट की।

युवाओं का यह दल आज से 17 सितम्बर,2017 तक हरियाणा का भ्रमण करते हुए यहां की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक विरासत, रहन-सहन और आधुनिक विकास का अवलोकन करेगा। इसमें इस्राइल, पुर्तगाल, अमेरिका, कनाडा, सूरीनाम, मारीशस, त्रिनिदाद, टोबैको, फीजी, गुयाना, इण्डोनेशिया, मलेशिया, दक्षिण अफ्रीका, नीदरलैंड, म्यांमार और श्रीलंका में रहने वाले युवा शामिल हैं।
प्रवासी भारतीय युवाओं का यह दल आज हरियाणा विधानसभा, सचिवालय और रोजगार्डन का भ्रमण करेगा। ये युवा 15 सितम्बर को कुरुक्षेत्र के धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे और करनाल स्थित डेयरी अनुसंधान व कृषि अनुसंधान केन्द्रों में हमारे कृषि विकास का अवलोकन करेंगे। इसके बाद 16 सितम्बर को गुरुग्राम में हरियाणा के आद्यौगिक विकास से रूबरू होंगे और वहीं पर 17 सितम्बर को सामाजिक संगठनों से सामाजिक विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
इससे पहले खेल एवं युवा मामले तथा शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ.के. के. खण्डेलवाल ने कहा कि भारतीय आज विश्व में कहीं भी जाएं तो उन्हें सम्मान मिलता है क्योंकि भारत विश्व को सर्वाधिक वैज्ञानिक तथा सूचना तकनीक विशेषज्ञ प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और यहां की सभ्यता व संस्कृति अत्यन्त प्राचीन है। राज्यपाल के सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने युवाओं को भारतीय लोकतांत्रिक प्रणाली की जानकारी दी। इस अवसर पर खेल विभाग के निदेशक जगदीप सिंह व अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे